ताजा खबर

पत्रकार की हत्या मामले में अफगान इंटेलीजेंस ने संदिग्धों को गिरफ्तार किया
11-Dec-2020 6:22 PM
पत्रकार की हत्या मामले में अफगान इंटेलीजेंस ने संदिग्धों को गिरफ्तार किया

काबुल, 11 दिसंबर | अफगानिस्तान की खुफिया एजेंसी 'अफगान नेशनल डायरेक्टोरेट ऑफ सिक्योरिटी' (एनडीएस) ने जलालाबाद शहर में एक महिला पत्रकार की हत्या मामले में कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने मालालाई मैवंद और उनके चालक की गोली मारकर हत्या कर दी।

मृतका नंगरहार प्रांत की राजधानी जलालाबाद में एक निजी रेडियो टीवी स्टेशन के लिए काम करती थी।

प्रांतीय सरकार के अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि हत्या के कुछ घंटों बाद संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार किए गए लोगों की सटीक संख्या दिए बिना, अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने "अपने अपराध को कबूल कर लिया है, और आगे जांच चल रही है।"

फिलहाल किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अफगानिस्तान में इस साल अब तक कम से कम 10 अफगान पत्रकारों और मीडियाकर्मियों की हत्या हुई है।

--आईएएनएस


अन्य पोस्ट