ताजा खबर
उपचुनावों में जीत की हैट्रिक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 10 नवंबर। मरवाही विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस ने एकतरफा बढ़त हासिल करते हुए भाजपा को 38 हजार 132 वोटों से पराजित कर दिया है।
अधिकारिक घोषणा के मुताबिक अंतिम 22वें राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार 37 हजार 890 मतों से आगे हैं। उन्हें 83083 तथा भाजपा के डॉ. गंभीर सिंह को 45193 मत मिले हैं।
21वें राउंड तक गिनती में कांग्रेस 37825 मतों से आगे थी। तब डॉ. के के ध्रुव को 82894 तथा डॉ. गंभीर सिंह को 45069 मत मिल चुके थे।
मतगणना केन्द्र से निकली ख़बर के मुताबिक डॉ. ध्रुव 38 हजार से अधिक मतों से चुनाव जीत चुके हैं। उनको कुल 83373 वोट मिले तो भाजपा उम्मीदवार डॉ. गंभीर सिंह 45240 वोट ही हासिल कर पाये। डॉ. ध्रुव को पिछले चुनाव में स्व. अजीत जोगी को मिले 74 हजार 72 वोटों से करीब 9 हजार अधिक वोट मिले हैं। हालांकि जोगी परिवार से कोई भी इस बार मैदान में नहीं था पर भाजपा को प्रचार के अंतिम दिनों में छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने समर्थन दे दिया था।
कांग्रेस सरकार बनने के बाद उप-चुनावों में कांग्रेस की यह लगातार तीसरी जीत है। इसके पहले चित्रकोट व दंतेवाड़ा के उप-चुनाव भी कांग्रेस के खाते में आ चुके हैं। इस जीत के साथ ही 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 70 विधायक हो जाएंगे। इस समय बहुजन समाज पार्टी के दो तथा छजकां के चार विधायक विधानसभा में हैं। शेष 14 सीटें अभी भाजपा के पास है।


