ताजा खबर
हिंसा के बीच सम्हाला कामकाज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 अक्टूबर। दुर्गा पूजा के दौरान बिहार के मुंगेर में हुए हिंसक उपद्रव के बीच चुनाव आयोग ने 2010 बैच की रचना पाटिल को नया कलेक्टर नियुक्त किया है। रचना राजनांदगांव शहर की रहने वाली है। मुंगेर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस और जनता के बीच विवाद और तनाव हो गया। जिसके चलते पुलिस ने फायरिंग कर दी। पुलिस की गोली से एक व्यक्ति की मौत होने से विवाद और खड़ा हो गया और बाद में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
पुलिस के लाठी से कई लोग जख्मी भी हुए हैं। वहीं गुस्साई भीड़ ने मुंगेर के तीन थानों को आग के हवाले कर दिया। प्रशासन और पुलिस पर भीड़ को नियंत्रित नहीं करने के कारण चुनाव आयोग के निर्देश पर कलेक्टर और एसपी हटा दिए गए। अब नए कलेक्टर के रूप में रचना पाटिल ने कामकाज सम्हाला है। रचना राजनांदगांव शहर के भरकापारा की रहने वाली है। वह 2010 में सीधे आईएएस बनने वाली नांदगांव जिले की इकलौती अफसर है।
रचना उस समय भी सुर्खियों में आई जब उन्होंने अपने एक जूनियर आईपीएस 2011 बैच के कुमार गौतम से वैवाहिक बंधन में बंधी। गौतम का मूल कैडर पश्चिम बंगाल है और वह बिहार के भागलपुर के ही बाशिंदे हैं। रचना ने अपने आईएएस कैरियर में वैशाली जिले में कलेक्टर के रूप में शुरूआत की। वह प्रशासनिक महकमे में सीधे और सटीक बातों को करने के लिए जानी जाती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में भी वह पदस्थ रही है। मुंगेर में तनाव को कम करने और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने कामकाज की शुरूआत कर दी है।
मुंगेर का प्रभार सम्हालने के बाद ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते रचना पाटिल ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश पर कलेक्टर की जिम्मेदारी मिली है। कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ लोगों से संवाद किया जा रहा है। कहीं कोई भ्रम की स्थिति निर्मित होने के कारण हिंसक घटनाएं हुई है। स्थिति पर काबू पाने पुलिस और प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डीएम के रूप में वह सभी मोर्चे पर सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए काम कर रहे हैं।


