ताजा खबर

दिल्ली की जांच में भी पुनिया पॉजिटिव निकले
12-Oct-2020 10:02 PM
दिल्ली की जांच में भी  पुनिया पॉजिटिव निकले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कांगे्रस प्रभारी पीएल पुनिया की दिल्ली की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव होने की पुष्टि आज कांगे्रस के उच्च स्तरीय सूत्रों ने की है। अपना नाम उजागर न करने की शर्त पर कांगे्रस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि अभी कुछ देर में कांगे्रस पार्टी किसी स्तर पर इसकी औपचारिक सूचना भी देगी।

उल्लेखनीय है कि परसों शनिवार को रायपुर में हुई कोरोना जांच में श्री पुनिया पॉजिटिव निकले थे। लेकिन रिपोर्ट आने के पहले वे कांगे्रस के कार्यक्रमों में दो दिन सैकड़ों लोगों से मिलकर दिल्ली रवाना हो चुके थे। उनके दिल्ली पहुंचने पर रायपुर से उन्हें पॉजिटिव रिपोर्ट की जानकारी दी गई।

लेकिन उन्होंने संभवत: इस रिपोर्ट पर भरोसा न करते हुए दिल्ली में राम मनोहर लोहिया अस्पताल की टीम को दुबारा सैंपल दिया, और अभी शाम में रायपुर में खबर आई कि वहां की रिपोर्ट में भी वे पॉजिटिव निकले हैं।

रायपुर के दो दिन के कार्यक्रमों में वे मुख्यमंत्री, विधानसभाध्यक्ष, और लगभग सारे मंत्रियों से मिले थे। कांगे्रस के सैकड़ों दूसरे लोगों से भी उनका सामना हुआ था। राजीव भवन में उन्होंने मीडिया के दर्जनों लोगों से बात की थी। 

जैसे ही शनिवार रात उनके पॉजिटिव होने की खबर फैली अधिकांश मंत्री क्वॉरंटीन में चले गए थे। विधानसभाध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत तो एक हफ्ते के घोषित क्वॉरंटीन पर चले गए क्योंकि उनके घर आकर उनके साथ श्री पुनिया ने खाना खाया था।

लेकिन कांगे्रस पार्टी या श्री पुनिया की तरफ से शनिवार शाम की यह रिपोर्ट उजागर नहीं की गई, और न ही लोगों को सावधान किया गया। आज भी रात 10 बजे तक श्री पुनिया के ट्विटर अकाउंट पर इसकी सूचना नहीं दी गई जबकि वे रायपुर में रहते हुए और दिल्ली लौटकर भी ट्विटर पर लगातार सक्रिय हैं।

इस बीच रायपुर के सांसद सुनील सोनी, भूतपूर्व भाजपा मंत्री और वर्तमान विधायक अजय चंद्राकर, और भाजपा प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी ने श्री पुनिया के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है क्योंकि उन्होंने जानकारी रहते हुए भी लोगों को सचेत नहीं किया, और सैंपल देने के बाद सफर किया।


अन्य पोस्ट