ताजा खबर

अंतिम संस्कार में पहुंचे 2 जवानों पर नक्सल हमला, घायल नक्सली भागे
08-Oct-2020 5:23 PM
अंतिम संस्कार में पहुंचे 2 जवानों पर नक्सल हमला, घायल नक्सली भागे

तीर से जवान घायल, 1 जवान पॉजिटिव, हथियार व दस्तावेज बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दोरनापाल, 8 अक्टूबर। आज सुबह सुकमा जिले के कोण्टा विकासखंड अंतर्गत कोंगडम इलाके में बड़े पिता के अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे आरक्षक व सहायक आरक्षक को गांव में ही नक्सलियों ने घेर लिया जिसके बाद जवानों और नक्सलियों के बीच हाथापाई हो गई। जवानों ने निहत्था होने के बावजूद हथियारबंद नक्सलियों को मार भगाया। नक्सलियों के पास एक देसी पिस्टल एवं कुछ सामान, कारतूस थे जिसे जवानों ने तत्काल अपने कब्जे में ले लिया और गांव वालों की मदद से उनके ऊपर आत्मरक्षार्थ हमला किया जिसके दो नक्सलियों को गंभीर चोट आयी है और वो मौके से फरार हो गए। इस घटना में जवानों को मामूली चोट आयी है और उनका उपचार कोंटा हॉस्पिटल में किया जा रहा है। इस दौरान एक जवान पॉजिटिव पाया गया।

गुरुवार सुबह आरक्षक सोयम कन्ना व आरक्षक सोयम रमेश अपने बड़े पिताजी के क्रियाकर्म में शामिल होने कोंगडम गांव गए हुए थे, जहां सादे वेशभूषा में पहले से उपस्थित 4 नक्सलियों ने इनके ऊपर हमला करने का प्रयास किया, जिसके जवाब में जवानों ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना में एक जवान नक्सलियों का तीर लगने से घायल हो गया। वहीं पूरी घटना में चारों नक्सलियों के घायल होने की बात जवान कह रहे हैं। साथ ही जवानों ने नक्सलियों के देशी कट्टे 7 नग कारतूस धारदार हथियार समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज छीन लिए। दोनों जवानो को ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां तीर लगने से घायल जवान का उपचार हुआ। वहीं 1 अन्य जवान एंटीजन टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
 
सुकमा एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि बड़े पिताजी के अंतिम संस्कार में 2 जवान कोंगडम गांव सुबह गए हुए थे जहां 4 नक्सलियों ने घेरकर हमला कर दिया जिसके जवाब में जवानों ने चारों नक्सलियों पर हमला किया जिसमें सभी नक्सली बुरी तरह घायल होकर भाग खड़े हुए। मौके से जवानों ने 1 देशी पिस्टल कारतूस व दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिया, 1 जवान को तीर लगी थी जिसका उपचार कोण्टा अस्पताल में हुआ, 1 अन्य जवान टेस्ट में कोरोना संक्रमित पाया गया जिसको सुकमा भेजा गया है। झड़प के दौरान चारों नक्सली भी उसके संपर्क में आए थे। 


अन्य पोस्ट