ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 अक्टूबर। राजनांदगांव के चिचोला इलाके के एक जलाशय में मंगलवार दोपहर को गाज गिरने से दो मछुवारों की जहां मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं करीब दर्जनभर मछुवारे हादसे में घायल हो गए हैं। बताया जाता है नारायणगढ़ के मछुवारे रामपुर के खातूटोला बैराज के लालमाटी एनीकट में मछली मारने पहुंचे थे। इस दौरान एकाएक मौसम बदल गया। थोड़ी ही देर में तेज गर्जना के साथ बिजली कडक़ने लगी। उस समय तक मछुवारे पानी से बाहर निकल नहीं पाए थे।
बताया जाता है कि इसी बीच बारिश भी शुरू हो गई, तब तक मछुवारे किनारे तक पहुंच गए। उसी समय जोरदार आसमानी बिजली गिरने से दो मछुवारों की मौत हो गई। वहीं करीब दर्जनभर मछुवारे जख्मी हो गए। घायलों को छुरिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार चिचोला क्षेत्र के लालमाटी जलाशय में करीब डेढ़ दर्जन मछुवारों की टोली मछली मारने गए थे। दोपहर में तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। अचानक मौसम में तब्दीली हुई और बिजली कडक़ने के साथ गाज गिरने से दर्जनभर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंची और घायलों को छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं इस घटना में दो मछुवारों की मौत हो गई।
घटना की पुष्टि करते एएसपी जयप्रकाश बढ़ई ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस विवेचना जारी है।


