ताजा खबर

प्रदेश में पॉजिटिव 3 दिन से रोज ढाई हजार के आसपास, रायपुर में भी घटे
04-Oct-2020 4:46 PM
प्रदेश में पॉजिटिव 3 दिन से रोज ढाई हजार के आसपास, रायपुर में भी घटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 अक्टूबर।
प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव पिछले माह सितंबर की तुलना में इस माह कम हो गए हैं। पिछले तीन दिन का आंकड़ा देखा जाए तो प्रदेश में ढाई हजार के आसपास पॉजिटिव आए हैं, जबकि इसके पहले सितंबर में 4 हजार तक पॉजिटिव आते रहे। स्वास्थ्य अफसरों का कहना है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना जांच कराने पर जोर दिया जा रहा है। जांच भी हो रही है। पॉजिटिव पहले से कम हुए हैं। 

बुलेटिन के मुताबिक एक अक्टूबर को प्रदेश में 15 हजार 29 सैंपलों की जांच की गई, जिसमें 2 हजार 551 पॉजिटिव आए। इसमें सबसे अधिक रायपुर से 358 पॉजिटिव रहे। दो अक्टूबर को 15 हजार 743 सैंपलों की जांच हुई, जिसमें 2 हजार 637 पॉजिटिव मिले। इसमें रायपुर से सबसे अधिक 395 पॉजिटिव रहे। तीन अक्टूबर को 18 हजार 591 सैंपलों की जांच की गई, जिसमें 2 हजार 610 पॉजिटिव आए और इसमें रायपुर से सबसे अधिक 308 पॉजिटिव पाए गए। इस तरह देखा जाए तो प्रदेश के साथ रायपुर में भी पॉजिटिव के आंकड़े 4 सौ से कम देखे जा रहे हैं।
 
प्रवक्ता, संयुक्त संचालक डॉ. सुभाष पांडेय का कहना है कि सितंबर में कोरोना का कहर जारी रहा, लेकिन इस माह अक्टूबर में पॉजिटिव कम आ रहे हैं। जबकि अभी भी 15 से 18 हजार आसपास सैंपलों की जांच हो रही है। पॉजिटिव कम आने के बारे में फिलहाल कुछ कहना मुश्किल है। वैसे लोगों को सर्दी, खांसी, बुखार के साथ अन्य दिक्कत आने पर तुरंत कोरोना जांच कराने पर जोर दिया जा रहा है। रायपुर में घर-घर जांच शुरू हो गई है। गांवों में भी जांच चल रही है। अब आगे जांच-आंकड़ों से स्थिति स्पष्ट होगी। 


अन्य पोस्ट