ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 सितंबर। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे गुरूवार को लॉकडाउन में प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा करने निकले। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों के कार्यों की सराहना की और कुछ महिला पुलिस कर्मियों से चर्चा भी की। श्री चौबे ने कहा कि वर्तमान में सात दिन के लॉकडाउन की समीक्षा करने के बाद ही बढ़ाने का फैसला लिया जाएगा।
श्री चौबे ने गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा और संसदीय सचिव विकास उपाध्याय के साथ लॉकडाउन की स्थिति का निरीक्षण करने निकले। उनके साथ कलेक्टर एस भारतीदासन और एसएसपी अजय यादव भी थे।
कृषि मंत्री ने कहा कि लॉकडाउन का तीसरा दिन है, और इसका पालन हो रहा है। उन्होंने इसके लिए विशेष रूप से जनप्रतिनिधियों को बधाई दी और समाजसेवी संगठनों की तारीफ की, जो कि गरीबों को भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों और कुछ जवानों से भी चर्चा की। कृषि मंत्री ने कहा कि जिस तरीके से ये मेहनत कर रहे हैं वह निश्चित रूप से अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के बाद कोरोना संक्रमण के मामले में थोड़ी कमी आई है।
उन्होंने कहा कि कोरोना पर कितना काबू कर पाए हैं, यह पांच दिन बाद ही पता चलेगा। अभी तो तीन दिन ही हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग भी यही कहता है कि संक्रमण के आंकड़े पांच दिन बाद ही पता लगाया जा सकता है। इसको लेकर फैसला बाद में लिया जाएगा।


