ताजा खबर

शराब के नशे में विवाद, दोस्त को कुल्हाड़ी से मार डाला
08-Jul-2020 4:34 PM
शराब के नशे में विवाद, दोस्त को कुल्हाड़ी से मार डाला

मुंगेली में लगातार दूसरे दिन हत्या  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बिलासपुर, 8 जुलाई।
मुंगेली जिले के पथरिया में जुआ खेलने के बाद हुए विवाद के बाद शराब के नशे में एक युवक ने अपने साथी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। आरोपी युवक ने वारदात के बाद थाने जाकर आत्मसमर्पण भी कर दिया। मुंगेली जिले में दो दिनों में हत्या की यह दूसरी वारदात है। 

घटना 7 जुलाई की रात की है। आरोपी दुर्गेश श्रीवास तीन चार साथियों के साथ जुआ खेल रहा था। इस दौरान सभी शराब भी पी रहे थे। जुआ खेल रहे हरिशंकर जायसवाल के साथ उसका इसी बीच विवाद हो गया और दुर्गेश को हरिशंकर ने थप्पड़ मार दिया। इससे उत्तेजित दुर्गेश वहां कुल्हाड़ी लेकर पहुंच गया। उसने हरिशंकर पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी। मौके पर ही हरिशंकर की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी दुर्गेश खुद ही पथरिया थाने पहुंच गया और उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। एसडीओपी नवनीत छाबड़ा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज किया गया है और आगे जांच की जा रही है।
 
मुंगेली जिले के लोरमी थाने के अंतर्गत ग्राम हरनाचाका में 6 जुलाई की रात भी एक हत्या हुई थी। इसके बाद 7 जुलाई को पथरिया में यह घटना हुई है। दोनों ही घटनाओं में आरोपियों ने शराब पीकर अपराध को अंजाम दिया और घटना के बाद थाने में आत्म-समर्पण कर दिया। 


अन्य पोस्ट