ताजा खबर

रिटायरमेंट में माह भर बाकी, पीसीसीएफ राव जांच के घेरे में
29-Apr-2026 5:06 PM
रिटायरमेंट में माह भर बाकी, पीसीसीएफ राव जांच के घेरे में

केंद्र का राज्य को पत्र, रिपोर्ट मांगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर/नई दिल्ली, 29 अप्रैल। हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स वी श्रीनिवास राव के खिलाफ शिकायतों को केंद्र सरकार ने संज्ञान में लिया है। इस पूरे मामले पर वन विभाग की एसीएस से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी गई है।

आईएफएस के 90 बैच के अफसर वी श्रीनिवास राव 31 मई को रिटायर होने वाले हैं। इससे पहले वो जांच के घेरे में आ गए हैं। भ्रष्टाचार की एक शिकायत पर केन्द्रीय पर्यावरण,वन-जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने वन की एसीएस को शिकायती पत्र भेजकर जांच कर कार्रवाई के लिए लिखा है।

बताया गया कि शिकायत सामाजिक कार्यकर्ता प्रतीक पांडेय ने प्रधानमंत्री से की थी। इसमें वी. श्रीनिवास राव पर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में ये कहा गया कि श्री निवासराव का लंबा कार्यकाल विवादग्रस्त रहा है। उन पर कैम्पा के सीईओ रहते व्यापक वित्तीय अनियमितता, और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। इनमें जैवविविधता संरक्षण वन रक्षक भर्ती घोटाला, आरा मिल घोटाला, बंद पड़े वन विद्यालय की पदस्थापना में अनियमितता आदि प्रमुख रहे हैं।

अपील में आरोप लगाया गया है कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय स्तर पर निष्पक्ष जांच संभव नहीं है और स्वतंत्र एजेंसी या ईओडब्ल्यू-एसीबी से जांच कराई जानी चाहिए। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि अब तक जांच की अनुमति नहीं दी गई है, जिससे मामले पर सवाल उठ रहे हैं। यह भी बताया गया कि इससे पहले इस प्रकरण को वन नीति प्रभाग द्वारा यह कहते हुए निराकृत कर दिया गया था कि मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और इसे सतर्कता विभाग को भेजा जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने शिकायती पत्र को केन्द्रीय पर्यावरण जलवायु परिवर्तन विभाग को भेज दिया। 

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह विषय राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए अपील को छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रेषित कर दिया गया है। साथ ही, मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट (एटीआर) आवेदक को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही मंत्रालय को जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट