ताजा खबर

बिजली समस्या, जनप्रतिनिधि धरने पर, कई घंटे काम बाधित
03-Jul-2020 12:31 PM
बिजली समस्या, जनप्रतिनिधि धरने पर, कई घंटे काम बाधित

अधिकारी-कर्मचारी दफ्तर के बाहर खड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर, 3 जुलाई।
कोरिया जिले के बैकुंठपुर सहित पटना, सोनहत, खडग़वां क्षेत्र में बिजली की समस्या से तंग आकर जनप्रतिनिधियों ने बैकुंठपुर स्थित विद्युत विभाग के सामने धरने पर बैठे गए हैं, जिसमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांति तिवारी के साथ कई क्षेत्र के जनपद सदस्य और ग्राम पंचायत के सरपंच और काफी संख्या में महिलाएं धरने पर हैं, इधर, सुबह से काम पर पहुंचे विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारी कार्यालय के बाहर खड़े हुए हैं।

इस संबंध में विद्युत विभाग के सहायक यंत्री रामकुमार का कहना है कि हम नहीं चाहते हैं कि कहीं भी बिजली गुल हो, परन्तु इन दिनों बिजली गिरने से ज्यादा ट्रांसफार्मर जल रहे हंै, इसके अलावा ट्रांसफार्मर में ओवरलोडिंग के कारण भी वो खराब हो जा रहे हैं। बावजूद जहां समस्या है जल्द से जल्द सुधारने की कोशिश की जाएगी।

शुक्रवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांति तिवारी के नेतृत्व में जनपद सदस्य कमलाकांत साहू, संजय पैकरा के साथ कुछ और क्षेत्र के जनपद सदस्य के साथ कई ग्राम पंचायत के सरपंच और महिलाओं ने विद्युत विभाग के कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए, जिसके कारण कई घंटे कार्य बाधित रहा।

धरने पर बैठे जनप्रतिनिधियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था एकदम चौपट हो चुकी है, विभाग इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा है। कई बार उन्होंने इसकी शिकायत की है, अब थक-हारकर धरने पर बैठकर विभाग को जगाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि ग्राम बरपारा की पुरानी बस्ती में बिजली गुल, कमदनारा, जोबापारा में ट्रांसफार्मर, तमजीरा में भी यही हाल, चारपारा मे दो माह से ट्रांसफार्मर खराब, ग्राम पंचायत बुढ़ार के जामपारा में 1 साल से ट्रांसफार्मर खराब यही परसा बहरी में 2 माह से ट्रांसफार्मर खराब है, ग्राम पंचायत सरभोका के मुख्तिारपारा में 1 माह से ट्रांसफार्मर खराब है, झरनापारा के ठिहाईपारा में 1 माह से ट्रांसफार्मर खराब है, चारपारा में 1 माह से ट्रांसफार्मर खराब है, ग्राम पंचायत खंदौरा मेें 2 साल से ट्रांसफार्मर खराब है। इसी तरह ग्राम पंचायत कटकोना में 2 साल से ट्रांसफार्मर खराब है। वहीं उन्होंने बिजली बिल को लेकर भी कई सवाल खड़े किए। बिजली बिल अनाप शनाप आने से ग्रामीणों में काफी गुस्सा देखा जा रहा है। 

10 केवी के 162 ट्रांसफार्मर खराब
कोरिया जिले के सिर्फ बैकुंठपुर, सोनहत, खडग़वां और पटना में राजीव गांधी विद्युतीकरण के तहत लगे 10 केवी के ट्रांसफार्मर के खराब होने का सर्वे करवाया गया, जिसमें लगभग 162 ट्रंासफार्मर खराब पाए गए हैं, वहीं कई पहुंचविहीन क्षेत्रों में जहां सर्वे नहीं हो सका है, वहां के हालत और खराब हैं। ऐसा की हाल 63 केवी का भी है। दूसरी ओर खराब ट्रांसफार्मर के बदले नए आने की गति काफी धीमी है। इसके अलावा मनेन्द्रगढ़, भरतपुर तहसील का भी बिजली को लेकर बेहद बुरा हाल है।

ओवरलोडिंग की दिक्कत
ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा कनेक्शन सीधे तार से लगाए जा रहे हैं, जिसके कारण ट्रांसफार्मर पर अनावश्यक भार होने के कारण वो जल जाते है, बैकुंठपुर सहित जिले भर के ग्रामीण क्षेत्रों का यही हाल है, विभाग के अनुसार मात्र 40 प्रतिशत ही ग्रामीण बिजली का बिल देते है जिसके कारण ज्यादातर तार से सीधे गलत तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे है।

 


अन्य पोस्ट