ताजा खबर
भावावेश में नकारात्मक कदम से बचें युवा-भूपेश
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 29 जून। सीएम हाऊस के समीप सोमवार को एक युवक ने अपने ऊपर आग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, वह बुरी तरह झुलस गया। उपचार हेतु अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना की जानकारी की। उन्होंने कहा कि भावावेश में युवाओं को ऐसा नकारात्मक कदम उठाने से बचना चाहिए।
बताया गया कि युवक मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश में था। कोरोना संक्रमण के चलते आम लोगों के मेल मुलाकात पर रोक लगी हुई है। बावजूद वह सीएम हाऊस पहुंच गया और पास में ही आग लगाने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने उसे बचा लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुख्यमंत्री ने घायल हरदेव सिन्हा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। परिवार वालों से प्राप्त जानकारी के अनुसार धमतरी जिले के ग्राम तेलीनसत्ती निवासी 27 वर्षीय हरदेव सिन्हा पिछले 2 साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
अनुविभागीय दण्डाधिकारी धमतरी ने इस युवक के संबंध में बताया कि हरदेव अपने घर में माता-पिता और तीन भाई के साथ रहता है। पत्नी मजदूरी का काम करती है और उसकी दो बेटियां हैं जिनकी उम्र 6 वर्ष और 3 वर्ष हैं। हरदेव का छोटा भाई भी मानसिक रूप से अस्वस्थ है जिसने विवाह नहीं किया है और घर पर ही रहता है।
बड़ा भाई धमतरी के गैरेज में काम करते है और पिता बुजुर्गं होने के कारण घर पर ही रहते हैं। हरदेव सिन्हा की गावं में दो एकड़ कृषि भूमि है और वह 9वीं तक पढ़ाई किया है। हरदेव सिन्हा का रोजगार गारंटी में जॉब कार्ड है और पिछले माह उसने 11 दिन का कार्य भी किया है। उसके परिवार के लोगों ने 21 दिन काम किए हैं। हरदेव सिन्हा ने ग्राम पंचायत तेलीनसत्ती में यूट्यूब में पिक्चर बनाने की अनुमति का भी आवेदन दिया था।


