ताजा खबर
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 10 के छात्रों के लिए पहले बोर्ड एग्ज़ाम में बैठना ज़रूरी है. जिन छात्रों ने पहले एग्ज़ाम में कम से कम तीन विषयों में परीक्षा नहीं दी होगी, उन्हें 'एसेंशियल रिपीट' कैटेगरी में रखा जाएगा.
'एसेंशियल रिपीट' का मतलब है कि छात्र अनिवार्य रूप से उस कक्षा को अगले साल दोहराएंगे.
दरअसल, सीबीएसई साल 2026 से कक्षा 10 के लिए दो बोर्ड एग्ज़ाम शुरू कर रहा है. बोर्ड ने पहली परीक्षा में अनिवार्य उपस्थिति की बात तब कही है, जब कुछ छात्रों से ऐसे अनुरोध मिले कि वे कुछ कारणों से पहले बोर्ड एग्ज़ाम में नहीं बैठ पाएंगे और उन्हें सिर्फ दूसरे बोर्ड एग्ज़ाम में बैठने की अनुमति दी जाए.
पीटीआई के मुताबिक़, सीबीएसई एग्ज़ामिनेशन कंट्रोलर संयम भारद्वाज ने कहा, "सभी छात्रों के लिए पहले बोर्ड एग्ज़ाम में बैठना ज़रूरी है. अगर कोई छात्र पहले एग्ज़ाम में तीन या उससे ज़्यादा विषयों की परीक्षा में नहीं बैठा है, तो उसे दूसरे एग्ज़ाम में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी."
"ऐसे छात्रों को 'एसेंशियल रिपीट' कैटेगरी में रखा जाएगा और वे केवल अगले साल फ़रवरी में होने वाले मुख्य एग्ज़ाम में ही परीक्षा दे पाएंगे." (bbc.com/hindi)


