ताजा खबर
शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीसीसीआई को केवल मुनाफ़े से मतलब है.
प्रियंका चतुर्वेदी ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "बीसीसीआई हमेशा पाकिस्तान के साथ खेलने के लिए बहुत उत्सुक रहता है क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे उनका फ़ायदा और बढ़ेगा. भारत का राष्ट्रीय हित पीछे रह जाता है."
"हम किस बात की ख़ुशी मना रहे हैं. मैं उस दिन ख़ुशी मनाऊंगी जब हम सही तरीक़े से 'आतंकिस्तान' से निपटेंगे."
उन्होंने आगे कहा, "आप कह रहे हैं कि क्रिकेट की पिच पर हमने उनको रौंद दिया, जबकि पाकिस्तान को लेकर हमारे देश में इतनी सारी दिक़्क़तें हैं. पाकिस्तान की ओर से आतंकी हमले हुए, पहलगाम हमले के 26 परिवारों ने कहा कि उनके साथ मैच मत खेलो. लेकिन लगातार उनके साथ मैच खेलते हैं."
प्रियंका चतुर्वेदी ने सवाल किया कि 26 पीड़ित परिवारों को बीसीसीआई से कितनी मदद मिली? बीसीसीआई का एक ही स्टैंड रहा है प्रॉफ़िट, प्रॉफ़िट और अधिक प्रॉफ़िट.
गौरतलब है कि रविवार को हुए टी-20 वर्ल्ड कप मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया था. पाकिस्तान ने पहले भारत के साथ खेलने से इनकार किया था, लेकिन इसके बाद उसने अपना फ़ैसला पलट दिया था. (bbc.com/hindi)


