ताजा खबर
टी-20 वर्ल्ड कप के भारत-पाकिस्तान मुक़ाबले के दौरान हार्दिक पंड्या की गेंद पर कुलदीप यादव ने शाहीन अफ़रीदी का कैच छोड़ दिया था जिसके बाद हार्दिक झल्लाते नज़र आए थे.
अब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मामले को शांत करने के लिए सोशल मीडिया एक मज़ाकिया वीडियो साझा किया है.
सूर्यकुमार यादव के साझा किए गए वीडियो में वह कुलदीप यादव के कंधे पर हाथ रखते हुए दिखाई दे रहे हैं और कुलदीप यादव तेज़ी से आगे निकल जाते हैं. बैकग्राउंड में 'हेरा-फेरी' मूवी का डायलॉग चल रहा है. कैप्शन में सूर्यकुमार यादव ने लिखा- "गुस्सा छोड़ दो भाई."
पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी के दौरान 18वें ओवर में शाहीन अफ़रीदी ने हार्दिक पंड्या के ख़िलाफ़ हवाई शॉट खेला. लेकिन कुलदीप यादव से कैच छूट गया और गेंद बाउंड्री रोप के पार जा गिरी. कैच तो छूटा ही, साथ ही पाकिस्तान को 6 रन भी मिले.
जैसे ही कुलदीप से कैच छूटा हार्दिक झल्ला गए. इससे पहले ईशान किशन से भी एक कैच छूट गया था, इस कारण हार्दिक पहले से ही कुछ ख़फ़ा थे. (bbc.com/hindi)


