ताजा खबर
महाआरती में शामिल हुए सीएम
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 15 फरवरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजिम कुंभ कल्प 2026 के समापन अवसर पर भगवान राजीव लोचन और कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। इसके बाद, उन्होंने महानदी महाआरती में भाग लिया और प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प हमारी आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक एकता और लोक परंपराओं का विराट उत्सव है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने राजिम कुंभ कल्प को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बताया और सामाजिक सद्भाव, विश्वास तथा समरसता को सुदृढ़ करने की बात कही।
इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साधु-संत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।


