ताजा खबर

इशान का अर्धशतक, भारत ने पाकिस्तान को 176 रन का लक्ष्य दिया
15-Feb-2026 9:01 PM
इशान का अर्धशतक, भारत ने पाकिस्तान को 176 रन का लक्ष्य दिया

कोलंबो, 15 फरवरी। सलामी बल्लेबाज इशान किशन के तूफानी अर्धशतक से भारत ने रविवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान के खिलाफ सात विकेट पर 175 रन बनाए।

इशान ने स्पिन की अनुकूल पिच पर 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़कर भारत को ठोस आधार दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी उपयोगी पारियां खेली।

दोनों टीम ने धीमी पिच पर अपने स्पिनरों पर भरोसा किया है। पाकिस्तान की टीम शाहीन शाह अफरीदी के रूप में एकमात्र तेज गेंदबाज के रूप में उतरी है जबकि भारत ने जसप्रीत बुमराह के अलावा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को एकादश में जगह दी है लेकिन अर्शदीप सिंह को बाहर करके कुलदीप यादव को मौका दिया।

पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनरों कराए जिसमें सईम अयूब 25 रन पर तीन विकेट चटकाकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला।

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा (10 रन पर एक विकेट) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहले ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा को खाता खोले बिना शाहीन शाह अफरीदी के हाथों कैच करा दिया।

इशान के अलावा भारत के अन्य बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने के लिए संघर्ष करना पड़ा लेकिन इस सलामी बल्लेबाज ने एक बार फिर आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने शाहीन की शुरुआती दो गेंद पर छक्का और चौका मारा और फिर सलमान की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए।

तिलक ने भी शाहीन पर चौका जड़ने के बाद लेग स्पिनर अबरार अहमद का स्वागत छक्के के साथ किया।

तिलक और इशान ने सईम पर चौकों के साथ पावर प्ले में भारत का स्कोर एक विकेट पर 52 रन तक पहुंचाया।

इशान ने अबरार पर लगातार तीन चौकों के साथ 27 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अगले ओवर में लेग स्पिनर शादाब खान की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके से 17 रन बटोरे।

इशान हालांकि इसके बाद सईम की गेंद को पीछे हटकर खेलने की कोशिश में चूककर बोल्ड हो गए।

तिलक ने मोहम्मद नवाज पर छक्के के साथ 12वें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया।

पाकिस्तान को इस मुकाबले में हाथ बीच में रोककर गेंदबाजी करने वाले स्पिनर उस्मान तारिक (24 रन पर एक विकेट) से काफी उम्मीदें थी। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों को अधिक परेशानी नहीं हुई लेकिन उनके खिलाफ अधिक रन भी नहीं बने।

सईम ने तिलक को पगबाधा करके भारत को तीसरा झटका दिया। उन्होंने 24 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और एक छक्का मारा।

सूर्यकुमार ने अबरार पर चौके के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया जबकि शिवम दुबे ने इसी ओवर में छक्का जड़ा।

तारिक ने सूर्यकुमार को सईम के हाथों कैच कराया। उन्होंने 29 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके मारे।

रिंकू सिंह (चार गेंद में नाबाद 11) ने पारी के अंतिम ओवर में शाहीन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ भारत का स्कोर 170 रन के पार पहुंचाया लेकिन दुबे अगली गेंद पर रन आउट हो गए।

 

भारत :

इशान किशन बो सईम 77

अभिषेक शर्मा का शाहीन बो सलमान 00

तिलक वर्मा पगबाधा बो सईम 25

सूर्यकुमार यादव का सईम बो तारिक 32

हार्दिक पंड्या का बाबर बो सईम 00

शिवम दुबे रन आउट 27

रिंकू सिंह नाबाद 11

अक्षर पटेल का सईम बो शाहीन 00

अतिरिक्त: 03

कुल:20 ओवर में सात विकेट पर: 175 रन

विकेट पतन: 1-1, 2-88, 3-126, 4-126, 5-159, 6-175, 7-175

गेंदबाजी:

सलमान 2-0-10-1

शाहीन 2-0-31-1

सईम 4-0-25-3

अबरार 3-0-38-0

शादाब 1-0-17-0

नवाज 4-0-28-0

तारिक 4-0-24-1

जारी  (भाषा)


अन्य पोस्ट