ताजा खबर

भारत-अमेरिका ट्रेड डील: कपास के मुद्दे पर राहुल गांधी को पीयूष गोयल ने दिया जवाब
14-Feb-2026 2:23 PM
भारत-अमेरिका ट्रेड डील: कपास के मुद्दे पर राहुल गांधी को पीयूष गोयल ने दिया जवाब

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से कपास किसानों और टेक्सटाइल एक्सपोर्ट को लेकर उठाए सवालों का केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने जवाब दिया है.

पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल गांधी के पास बताने के लिए 'झूठ और फरेब' के अलावा कुछ नहीं है. वह सच्चाई से 'हज़ारों मील दूर' रहते हैं.

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, "भारत की कपास की क्षमता बढ़ेगी, कपास की मांग भी बढ़ेगी और आयात करने के बाद प्रोसेस करके निर्यात करने की जो नीति है, वो विदेश व्यापार नीति में सदियों से चली आ रही है. ये कोई नई नहीं है."

उन्होंने कहा, "कांग्रेस के ज़माने से ऐसा ही है कि आप कुछ भी आयात कर सकते हैं. यहां प्रोसेस करके निर्यात करें तो ज़ीरो ड्यूटी पर आते हैं. वहां तो कोई नुक़सान नहीं है, बल्कि लोगों को रोज़गार मिलेगा."

"किसानों के बच्चों को भी रोज़गार मिलेगा और किसानों को अपार अवसर मिलेंगे. क्योंकि टेक्सटाइल क्षेत्र में अब पूरे विश्व का 70 फ़ीसदी बाज़ार भारत के लिए खुल गया है."

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को एक वीडियो संदेश के ज़रिए केंद्र सरकार पर कपास किसानों और टेक्सटाइल एक्सपोर्टर्स को धोखा देने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, "अगर हम अमेरिकी कपास मंगवाते हैं तो हमारे अपने किसान बर्बाद हो जाएंगे. अगर नहीं मंगवाते, तो हमारा टेक्सटाइल उद्योग पिछड़कर तबाह हो जाएगा. और अब बांग्लादेश यह संकेत दे रहा है कि वह भारत से कपास आयात भी कम या बंद कर सकता है." (bbc.com/hindi)

 

 

 

 


अन्य पोस्ट