ताजा खबर

योगी आदित्यनाथ के बयान पर अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की तीखी प्रतिक्रिया
14-Feb-2026 2:23 PM
योगी आदित्यनाथ के बयान पर अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की तीखी प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शंकराचार्य पद को लेकर दिए बयान पर उत्तराखंड के ज्योतिर्मठ के प्रमुख स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने तीख़ी प्रतिक्रिया दी है.

योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यूपी विधानसभा में कहा था कि 'हर कोई शंकराचार्य नहीं बन सकता' है.

उन्होंने राज्य में 'क़ानून के शासन' पर ज़ोर देते हुए कहा था कि कोई भी व्यक्ति किसी पीठ के आचार्य के रूप में कहीं भी 'वातावरण ख़राब नहीं कर सकता'.

इस पर अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने शनिवार को कहा, "नजीर है, आदित्यनाथ के ऊपर 40 से ज़्यादा मुक़दमे थे और जब वह मुख्यमंत्री बने तो सभी मुक़दमे अपने ऊपर से हटवा लिए. ये कैसा क़ानून का पालन है? ये क्या क़ानून में लिखा है कि अगर कोई भी व्यक्ति बड़े पद पर पहुंच जाएगा तो उसके ऊपर से सारे मुक़दमे हटा लिए जाएंगे? ये कहां लिखा है?"

उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश की विधानसभा में खड़े होकर आपने ये कहा है कि मैं क़ानून का पालन करने वाला हूं. अगर आप क़ानून का पालन करने वाले हैं तो 45 केस और उनका कोर्ट में सामना करिए."

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण के दौरान समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया था.

उन्होंने कहा था, "अगर वह शंकराचार्य थे तो आप लोगों (सपा) ने क्यों लाठीचार्ज किया था वाराणसी में? क्यों एफ़आईआर की थी?"

सीएम योगी के इस दावे पर अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा, "जिस समय लाठीचार्ज हुआ था, हम शंकराचार्य नहीं थे. और अगर समाजवादी पार्टी ने किसी को लाठी मारी तो वो ग़लत मारी. वही चीज़ आप कर रहे हो, तो आप कहां से सही हुए?"

उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी ग़लत है तो योगी आदित्यनाथ भी ग़लत हैं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट