ताजा खबर

सीए को विधिक सुरक्षा देने की मांग उठी
13-Feb-2026 4:34 PM
सीए को विधिक सुरक्षा देने की मांग उठी

राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने प्रस्ताव रखा 
छत्तीसगढ़ संवाददाता 
रायपुर,13 फरवरी।
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) को वकीलों और डॉक्टरों की तर्ज पर विधिक सुरक्षा प्रदान करने की मांग अब संसद तक पहुंच गई है। राज्यसभा सांसद एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक कृष्ण तन्खा ने राज्यसभा में “सीए प्रोटेक्शन एक्ट” लाने की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाते हुए सीए समुदाय को समुचित कानूनी संरक्षण देने का प्रस्ताव रखा।

रायपुर शाखा के पूर्व अध्यक्ष  रवि ग्वालानी ने इसे उनके लंबे समय से चल रहे प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सीए प्रोटेक्शन एक्ट का विषय उन्होंने सबसे पहले संगठित रूप से उठाया था और तब से निरंतर विभिन्न मंचों, सम्मेलनों और बैठकों में इस मांग को मजबूती से रखते आए हैं।

श्री ग्वालानी ने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने कई बार राज्यसभा सांसद श्री विवेक कृष्ण तंखा से मुलाकात कर इस विषय पर विस्तार से चर्चा की। अनेक दौर की सार्थक बातचीत के बाद श्री तंखा ने सीए समुदाय की भूमिका, जवाबदेही एवं व्यावसायिक जोखिमों का गहन अध्ययन किया। इसके उपरांत उन्होंने 12 फरवरी को राज्यसभा में अत्यंत संतुलित, तार्किक एवं प्रभावशाली ढंग से इस विषय को प्रस्तुत किया।


अन्य पोस्ट