ताजा खबर

35 किलो के 2 बम को किया निष्क्रिय, नक्सल स्मारक ध्वस्त
12-Feb-2026 9:06 PM
35 किलो के 2 बम को किया निष्क्रिय, नक्सल स्मारक ध्वस्त

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बीजापुर, 12 फरवरी।
जिले में नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरवार को सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए 35 किलो वजनी दो बम को निष्क्रिय किया गया तथा नक्सली स्मारकों को ध्वस्त किया गया।

सूत्रों के मुताबिक थाना आवापल्ली क्षेत्र में 12 फरवरी को थाना आवापल्ली पुलिस, केरिपु 196 एवं 170वीं वाहिनी की संयुक्त टीम आवापल्ली-मुरदण्डा मार्ग पर डिमाइनिंग ड्यूटी पर निकली थी। इस दौरान बीडी टीम ने मुरदण्डा कैम्प से लगभग 3 किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग के किनारे फॉक्सहोल कर करीब 5 फीट अंदर एवं सड़क से 2 फीट नीचे नक्सलियों द्वारा प्लांट किया गया लगभग 30 किलोग्राम का बम डिटेक्ट किया।

बताया गया कि नक्सलियों ने बड़े वाहनों को निशाना बनाने के उद्देश्य से स्विच सिस्टम के माध्यम से इस बम को सड़क के नीचे लगाया था। बम की गहराई अधिक होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से उसे मौके पर ही नष्ट किया गया। विस्फोट के कारण सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया था, जिसे बाद में भरकर आवागमन बहाल कर दिया गया।
इसी प्रकार थाना गंगालूर क्षेत्रांतर्गत एफओबी डोडीतुमनार क्षेत्र में केरिपु 153 वाहिनी ने डिमाइनिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाया गया 5 किलोग्राम का प्रेशर बम डिटेक्ट कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।

इसके अतिरिक्त थाना कुटरू क्षेत्रांतर्गत कोबरा 210 वाहिनी ने नक्सली विरोधी अभियान के दौरान माड़ क्षेत्र में इंद्रावती नदी के किनारे वर्ष 2025 में मारे गए कुख्यात माओवादी कमांडर सीसीएम बसवराजू की स्मृति में निर्मित स्मारक को चिन्हित कर पूर्ण रूप से ध्वस्त किया। वहीं थाना गंगालूर क्षेत्र में केरिपु 222 वाहिनी की टीम ने तोड़का कोरचोली एवं पेद्दाकोरमा के घने जंगलों में सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा बनाए गए अन्य स्मारकों को भी ध्वस्त किया।

सुरक्षा बलों की सतर्कता एवं सूझबूझ से नक्सलियों के बड़े हमले की साजिश विफल हुई है। अधिकारियों ने इसे नक्सली संगठन की हिंसक विचारधारा, मनोवैज्ञानिक प्रभाव एवं जनविरोधी प्रचार को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों, प्रतीकों एवं अवैध संरचनाओं के लिए कोई स्थान नहीं है।


अन्य पोस्ट