ताजा खबर

बहतराई स्टेडियम में 175 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
11-Feb-2026 1:34 PM
बहतराई स्टेडियम में 175 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

जिला स्तरीय मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह संपन्न

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 11 फरवरी। स्व. बी.आर. यादव बहतराई स्टेडियम में मंगलवार को जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 175 पात्र जोड़ों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। उत्साह और मंगल गीतों के बीच नवदंपत्तियों ने दांपत्य जीवन की नई शुरुआत की।

मालूम हो कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश में एक साथ 6,412 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए और वर्चुअल माध्यम से सभी नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया। इसी अवसर पर कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की भी शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सरकार निर्धन परिवारों के विवाह संबंधी दायित्व को साझा कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

महापौर पूजा विधानी ने इसे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए वरदान बताते हुए नवदंपत्तियों के सुखद भविष्य की कामना की। क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि इस योजना ने बेटियों के विवाह को सम्मानजनक स्वरूप दिया है।

प्रत्येक हितग्राही जोड़े को 35 हजार रुपये का चेक, 1 हजार रुपये परिवहन सहायता, वस्त्र, मंगलसूत्र एवं श्रृंगार सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट