ताजा खबर

छप्पन फीसदी से अधिक अभिभावक, शिक्षक चाहते हैं कि इंटरनेट सुरक्षा पाठ्यक्रम का हिस्सा हो: सर्वेक्षण
10-Feb-2026 9:19 PM
छप्पन फीसदी से अधिक अभिभावक, शिक्षक चाहते हैं कि इंटरनेट सुरक्षा पाठ्यक्रम का हिस्सा हो: सर्वेक्षण

नयी दिल्ली, 10 फरवरी। एक नये सर्वेक्षण के अनुसार 56 प्रतिशत से अधिक अभिभावक और शिक्षक बढ़ते ऑनलाइन खतरों और हानिकारक विषय-वस्तुओं से छात्रों को दूर रखने के लिए ‘इंटरनेट सुरक्षा’ को मुख्य पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने के पक्षधर हैं।

इस सर्वेक्षण में 1,800 अभिभावकों और 300 शिक्षकों से प्राप्त प्रतिक्रियाओं को शामिल किया गया है। सर्वेक्षण मुख्य रूप से यह दर्शाता है कि कैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) डिजिटल दुनिया को बदल रही है और युवाओं के सीखने, सामाजिक जुड़ाव और जानकारी ग्रहण करने के तरीकों पर गहरा असर डाल रही है।

सर्वेक्षण के अनुसार, 32 प्रतिशत प्रतिभागियों ने इंटरनेट सुरक्षा को एक अलग विषय के रूप में सप्ताह में नियमित कक्षाओं के साथ पढ़ाने की मांग की, जबकि 24 प्रतिशत ने इसे कंप्यूटर अध्ययन जैसे मौजूदा मुख्य विषयों में शामिल करने का सुझाव दिया।

सर्वेक्षण कराने वाले ‘सिल्वरलाइन प्रेस्टीज स्कूल’ के उपाध्यक्ष नमन जैन ने कहा कि ये नतीजे एक चेतावनी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे माता-पिता और शिक्षक हमें स्पष्ट रूप से बता रहे हैं कि आज हमारे छात्र जिस डिजिटल दुनिया में रहते हैं, वह उस दुनिया से बिल्कुल अलग है जिसमें हम पले-बढ़े थे। एआई इंटरनेट के हर पहलू को नया रूप दे रहा है, ऐसे में ऑनलाइन सुरक्षा अब कोई विकल्प नहीं रह गया है, बल्कि यह एक अनिवार्य साक्षरता है।’’

सर्वेक्षण के अनुसार, 34 प्रतिशत प्रतिभागियों ने साइबरबुलिंग को रोकने और इसकी जानकारी देने के उपायों को अपनी मुख्य चिंता बताया, जबकि 29 प्रतिशत ने अनुचित विषय वस्तु और ऑनलाइन ठगों से सुरक्षा को प्राथमिकता दी।

बाईस प्रतिशत प्रतिभागियों ने गोपनीयता की सुरक्षा और व्यक्तिगत जानकारी को जिम्मेदारी से साझा करने की आवश्यकता को जरूरी बताया, जबकि 15 प्रतिशत ने ‘स्क्रीन’ समय को नियंत्रित करने और डिजिटल लत से बचाने की बात कही। (भाषा)


अन्य पोस्ट