ताजा खबर

बिहार विधान परिषद में हंगामा, मार्शल ने विपक्षी सदस्यों को बाहर निकाला
10-Feb-2026 8:12 PM
बिहार विधान परिषद में हंगामा, मार्शल ने विपक्षी सदस्यों को बाहर निकाला

-सीटू तिवारी

बिहार विधान परिषद में विपक्षी सदस्यों ने मंगलवार को भी राज्य सरकार के प्रति विरोध जताया.

परिषद में मंत्री अशोक चौधरी और आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई. दोनों नेताओं ने इस बीच एक दूसरे पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी की.

विपक्षी सदस्य 'तानाशाही नहीं चलेगी' के नारे लगाते हुए वेल में आ गए. सभापति अवधेश नारायण सिंह के बार-बार शांत रहने के आग्रह के बावजूद हंगामा जारी रहा.

इस बीच सत्ता पक्ष के सदस्यों की तरफ़ से भी नारे लगे, 'आसन का अपमान नहीं सहेंगे'.

परिषद में मौजूद मंत्री मंगल पांडेय ने कहा, "विपक्ष सदन को नहीं चलने देना चाहता है. जनता की राशि सदन चलाने में ख़र्च होती है. लेकिन ये लोग जवाब नहीं सुनना चाहते हैं. ये लोकतंत्र के मंदिर का अपमान कर रहे हैं."

सभापति ने पहले सभी विपक्षी सदस्यों को खुद बाहर जाने को कहा, लेकिन नारेबाजी जारी रही. उसके बाद सभापति ने मार्शल को बुलाकर विपक्षी सदस्यों को बाहर निकाला.

इससे पहले, सोमवार को परिषद में प्रदेश की क़ानून व्यवस्था को लेकर विपक्षी सदस्यों ने दोनों पालियों में जमकर हंगामा किया था.

इस हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी को ‘लड़की’ कह दिया था.

विपक्षी सदस्य नीट छात्रा की पटना के हॉस्टल में संदिग्ध मौत, दरभंगा में 6 साल की बच्ची के रेप सहित राज्य के कई हिस्सों में महिलाओं के साथ हो रही यौन हिंसा का मुद्दा उठा रहे थे.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राबड़ी देवी को ‘लड़की’ कहने का विरोध विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक्स पर किया और मुख्यमंत्री की सेहत पर सवाल उठाए.(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट