ताजा खबर
नयी दिल्ली, 10 फरवरी। कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि उसने अपने ‘संगठन सृजन’ अभियान के तहत अब तक 14 राज्यों में 531 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है तथा अगले चरण में 218 जिलों में अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।
कांग्रेस ने नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया था जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल हुए।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘संगठन सृजन अभियान के तहत 8 राज्यों से नव नियुक्त डीसीसी अध्यक्षों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र अत्यंत सफल रहा। इस गहन कार्यक्रम में 286 डीसीसी अध्यक्षों ने भाग लिया, जिन्हें खरगे जी और राहुल गांधी जी का मार्गदर्शन मिला।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संगठन सृजन अभियान हमारे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मिशन है। अब तक 14 राज्यों में इसके 5 चरण पूरे हो चुके हैं, जिनमें 531 डीसीसी अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। अगले चरण में 6 और राज्यों के 218 जिलों में यह प्रक्रिया जारी है।’’ (भाषा)


