ताजा खबर

एमिटी यूनिवर्सिटी में छात्रा की मौत : महिला आयोग गंभीर
10-Feb-2026 7:53 PM
एमिटी यूनिवर्सिटी में छात्रा की मौत : महिला आयोग गंभीर

  नर्सों के वेतन घोटाले की जांच के लिए एसपी को लिखा  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 फरवरी ।राज्य महिला आयोग ने एमिटी यूनिवर्सिटी की छात्रा की मौत के मामले में सख्ती दिखाई है। आयोग ने सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। यही नहीं, नर्सों के वेतन घोटाला मामले की जांच कराने के लिए एसपी को लिखा है।

महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक एवं सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, श्रीमती सरला कोसरिया एवं सुश्री दीपिका शोरी की उपस्थिति में मंगलवार रायपुर स्थित महिला आयोग कार्यालय में महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई की गई।

वैवाहिक विवाद प्रकरण

एक प्रकरण में आवेदिका ने बताया कि 2013 में विवाह हुआ था, तीन वर्ष बाद वह अलग रह रही है। इस दौरान अनावेदक ने अन्य महिला से विवाह कर लिया है, जिससे संतान भी है। भरण-पोषण संबंधी मामला कुटुंब न्यायालय में निराकृत हो चुका है। आयोग द्वारा प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया।

अनुकंपा नियुक्ति को लेकर उत्पीड़न

एक अन्य मामले में आवेदिका ने बताया कि उसकी माता की मृत्यु 2011 में हुई थी तथा उसे 2013 में अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त हुई। आवेदिका का भाई, अपनी पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति दिलाने के लिए लगातार उसे परेशान कर रहा है, जबकि नियुक्ति के समय उसकी पत्नी परिवार का हिस्सा नहीं थी।

आयोग ने स्पष्ट किया कि पात्रता का निर्णय संबंधित प्रशासनिक अधिकारी करेंगे, किंतु आवेदिका को किसी भी प्रकार से परेशान न किया जाए। उत्पीड़न की स्थिति में न्यायालयीन कार्यवाही की स्वतंत्रता आवेदिका को होगी।

बच्चों से मिलने का अधिकार

एक प्रकरण में तलाक उपरांत बच्चों की अभिरक्षा को लेकर विवाद सामने आया। आयोग ने निर्देश दिया कि दोनों पक्ष महीने में दो बार आयोग कार्यालय में उपस्थित होकर बच्चों से मिलेंगे। इस व्यवस्था की निगरानी 6 माह तक आयोग द्वारा की जाएगी।

12 नर्सों के वेतन में 70–80 लाख की धोखाधड़ी..

ई.एस.आई.सी. हॉस्पिटल, रायपुर में पदस्थ 13 नर्सों (12 प्रमुख प्रकरण) द्वारा आरोप लगाया गया कि उन्हें विजार्ड बिजनेस सॉल्यूशन नामक एजेंसी के माध्यम से नियुक्त किया गया था, परंतु उन्हें केवल आधा वेतन ही दिया जा रहा है।

आवेदिकाओं ने एजेंसी, ई.एस.आई.सी. हॉस्पिटल एवं यूको बैंक डीडी नगर शाखा की मिलीभगत से लगभग 70–80 लाख रुपये के वेतन घोटाले का आरोप लगाया।

आयोग ने निर्देश दिया कि—

आगामी सुनवाई में अनुभव प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाए

अन्य अनावेदकों को पुलिस अधीक्षक के माध्यम से उपस्थित कराया जाए।

एमिटी यूनिवर्सिटी छात्रा  मौत, आयोग सख्त

कॉलेज प्रबंधन की प्रताड़ना से तंग आकर छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया। आयोग की पूछताछ में सीसीटीवी फुटेज, हॉस्टल सुरक्षा व्यवस्था एवं ड्यूटी कर्मचारियों पर की गई कार्यवाही के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई।

आयोग ने आशंका जताई कि तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज सहित स्पष्ट स्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

पारिवारिक कलह..

आयोग ने कई मामलों में समझाइश के माध्यम से पारिवारिक संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया। जहां सुलह की संभावना नहीं पाई गई, वहां विधिक उपाय अपनाने की सलाह देते हुए प्रकरण नस्तीबद्ध किए गए।


अन्य पोस्ट