ताजा खबर
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बताया है कि उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. समाचार एजेंसी एएनआई की तरफ से सोशल मीडिया एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में सौरभ भारद्वाज को पुलिस की गाड़ी में बैठते हुए भी देखा जा सकता है.
सौरभ भारद्वाज और आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता जनकपुरी में उसी जगह इकट्ठा होने का प्रयास कर रहे थे, जहां बीते दिनों कमल ध्यानी नाम के एक युवक की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी.
सौरभ भारद्वाज ने कहा, "आप तानाशाही का स्तर देख सकते हैं. किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं की, जबकि कमल ध्यानी के माता-पिता छह पुलिस स्टेशनों में गए थे. जब हम सब उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए इकट्ठा हुए हैं, तो पुलिस हमें हिरासत में ले रही है."
इससे पहले सौरभ भारद्वाज ने एक पोस्ट में लिखा था, “आज हम जनकपुरी में मारे गए कमल ध्यानी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. पुलिस ने जगह जगह आज बैरिकेड लगा दिए. हमने कहा कोई नारेबाज़ी नहीं हो रही , सिर्फ़ मोमबत्ती जलाकर चले जाएँगे.”
उन्होंने आरोप लगाया, “क्या अब इतना भी करना अपराध है?”
कमल ध्यानी की 5 फ़रवरी को जनकपुरी में अपनी बाइक से घर लौटते हुए गड्ढे में गिरने के बाद मौत हो गई थी.
उनके पिता ने इस हादसे का आरोप दिल्ली जल बोर्ड पर लगाया था. पुलिस ने भी बताया था कि वह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड के काम के लिए खोदा गया था. (bbc.com/hindi)


