ताजा खबर

टी-20 वर्ल्ड कप: भारत के ख़िलाफ़ न खेलने के पाकिस्तान के फ़ैसले पर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने ये कहा
09-Feb-2026 8:53 AM
टी-20 वर्ल्ड कप: भारत के ख़िलाफ़ न खेलने के पाकिस्तान के फ़ैसले पर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने ये कहा

आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के ख़िलाफ़ मैच का बॉयकॉट करने के पाकिस्तान के फैसले पर भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने हैरानी जताई है.

सौरव गांगुली ने पत्रकारों से कहा, "किस बात के लिए वर्ल्ड कप से पीछे हट रहे हैं? वे वैसे भी श्रीलंका में खेल रहे हैं. मुझे पाकिस्तान के पीछे हटने पर हैरानी हो रही है."

उन्होंने आगे कहा, "वर्ल्ड कप में हर पॉइंट ज़रूरी होता है. आप एक भी पाइंट गंवा नहीं सकते. मैं थोड़ा हैरान हूँ, लेकिन ये उनका अपना फ़ैसला है."

भारत और श्रीलंका में 7 फ़रवरी से शुरू हुआ आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप आठ मार्च तक चलेगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 फ़रवरी को भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच मुक़ाबला तय है.

लेकिन एक फ़रवरी को पाकिस्तान सरकार ने एक्स पर एक बयान जारी करते हुए '15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मैदान में नहीं उतरने की जानकारी दी थी.'

हालांकि, पाकिस्तान सरकार की ओर से इस फ़ैसले को लेकर कोई कारण नहीं बताया गया था.

दरअसल, विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश ने इस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ज़मीन पर मैच खेलने से इनकार कर दिया और फिर आईसीसी ने उसे इस टूर्नामेंट से बाहर करते हुए स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया.

इस मुद्दे पर पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया और कहा कि "अगर कोई देश सुरक्षा कारणों से किसी देश में खेलने से मना करता है, तो बांग्लादेश को भी यह अधिकार होना चाहिए." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट