ताजा खबर
सात दिन बाद भी सुराग नहीं, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 9 फरवरी। कबीरधाम जिले से इलाज के लिए बिलासपुर आई एक महिला अपने तीन छोटे बच्चों के साथ रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है। लापता बच्चों में दो माह का नवजात शिशु भी शामिल है। घटना को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक महिला और बच्चों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
लापता महिला पुष्पा नंदिनी (26 वर्ष) के पति राजेंद्र कुमार, निवासी पांडातराई ने सिविल लाइंस थाने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजेंद्र कुमार के अनुसार, 2 फरवरी को पत्नी ने तबीयत खराब होने की बात कही थी। उसने बताया कि उसके माता-पिता बिलासपुर में रहते हैं, जहां बेहतर इलाज मिल सकता है। इसके बाद राजेंद्र ने पत्नी और तीनों बच्चों को शारदा बस से बिलासपुर के लिए रवाना किया।
बस से रवाना होने के बाद से पुष्पा नंदिनी और बच्चों से किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पाया। उनके मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहे हैं। महिला के माता-पिता के घर या किसी रिश्तेदार-अपरिचित के यहां भी उनकी मौजूदगी की पुष्टि नहीं हो सकी है। जिस बस से वह रवाना हुई थी उसके परिचालक के मुताबिक बिलासपुर के महाराणा प्रताप चौक में उसने महिला और उनके बच्चों को उतारा था।
नवजात शिशु के साथ महिला के अचानक लापता होने से परिजनों की चिंता और आशंका गहराती जा रही है। परिवार को डर है कि कहीं महिला और बच्चों के साथ कोई अनहोनी न हो गई हो या फिर किसी साजिश के तहत उनका अपहरण कर लिया गया हो।
पीड़ित पति राजेंद्र कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
उनका आरोप है कि अब तक बस स्टैंड, सीसीटीवी फुटेज, बस रूट या संभावित ठिकानों की जांच को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
पत्नी और बच्चों के लापता होने से टूट चुके राजेंद्र कुमार ने मीडिया के माध्यम से पुलिस और आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को पुष्पा नंदिनी और उनके तीन बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस का कहना है कि महिला और बच्चों की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।


