ताजा खबर
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि ट्रेड डील में ऐसी चर्चा नहीं होती कि कौन क्या और कहां से ख़रीदेगा. उन्होंने कहा कि यह तो कंपनियां ख़ुद तय करेंगी.
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए पीयूष गोयल ने कहा, "अमेरिका से कच्चा तेल या एलएनजी, एलपीजी ख़रीदना भारत के अपने रणनीतिक हित में है. क्योंकि हम अपने तेल के अलग-अलग स्रोत बना रहे हैं. लेकिन फ़ैसले ख़रीदार यानी कंपनियां ख़ुद लेती हैं."
उन्होंने आगे कहा, "ट्रेड डील में यह चर्चा नहीं होती कि कौन क्या और कहां से खरीदेगा. ट्रेड डील सुनिश्चित करती है कि व्यापार का रास्ता आसान हो और हमें पहुंच मिले. एफटीए का मतलब ही है कि आपको अपने प्रतिद्वंदियों के मुक़ाबले अधिक पहुंच मिले."
पीयूष गोयल ने कहा कि आज जब हम पर 18% का टैरिफ़ ही है, तो हमें उन दूसरे विकासशील देशों पर बढ़त मिलती है जो आमतौर पर हमारे मुक़ाबले में होते हैं.(bbc.com/hindi)


