ताजा खबर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल में 15 फ़रवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच तय मुक़ाबले को लेकर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला से रविवार रात सवाल किया गया.
इस पर उन्होंने जवाब दिया, "मैं इन चीज़ों पर कोई कमेंट नहीं करूंगा, न बीसीसीआई की तरफ़ से इस पर कोई कमेंट है. सारी चीज़ आईसीसी पर छोड़ी हुई है. आईसीसी जो फ़ैसला लेगा, हम वो मानेंगे."
राजीव शुक्ला ने कहा, "सब आईसीसी के ऊपर छोड़ा हुआ है."
पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेलने की घोषणा की है. पाकिस्तान सरकार के मुताबिक़ उसने ये फ़ैसला ऐसा बांग्लादेश के प्रति समर्थन में किया है.
दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आकर मैच खेलने से इनकार किया था और अपने मैचों के वेन्यू बदलने की मांग की थी.
फिर आईसीसी ने बांग्लादेश को इस टूर्नामेंट से बाहर करते हुए स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया.
भारत के ख़िलाफ़ टी20 वर्ल्ड कप मुक़ाबले के पाकिस्तान के प्रस्तावित बहिष्कार पर जारी गतिरोध को सुलझाने की कोशिश जारी है.
इस बीच, रविवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नक़वी ने लाहौर में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम से मुलाक़ात की.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के उपाध्यक्ष इमरान ख़्वाजा भी भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर गतिरोध सुलझाने की कोशिश में रविवार को लाहौर पहुंचे. (bbc.com/hindi)


