ताजा खबर
रायपुर जिले की ग्राम पंचायतों में आयोजित हुआ रोजगार एवं आवास दिवस
रायपुर, 7 फरवरी। जिले के ग्रामीण अंचलों में रोजगार, आवास और आजीविका के अवसरों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिले के समस्त विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की 7 तारीख को रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों के नामों का सार्वजनिक वाचन किया गया। हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु प्राप्त किश्तों, मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी भुगतान, निर्माण सामग्री की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण (कन्वर्जेन्स) से मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने हितग्राहियों से आवास निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बिश्वरंजन ने ग्राम पंचायत परसदा, लखोली एवं रसनी में आवास दिवस मनाया गया तथा पूर्ण हुए आवासों के हितग्राहियों को घर की चाबी सौंपकर उन्हें नए आशियाने की शुभकामनाएँ दी गईं।
रोजगार दिवस के तहत ग्रामीणों को विकसित भारत – जी राम योजना की जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों की रोजगार गारंटी, जल संरक्षण, सिंचाई, भू-जल पुनर्भरण एवं वाटरशेड विकास जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने की जानकारी साझा की गई। साथ ही आजीविका डबरी निर्माण के माध्यम से मत्स्य पालन एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों से ग्रामीण आय बढ़ाने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजित रोजगार एवं आवास दिवस में सक्रिय सहभागिता करें, योजनाओं का अधिकतम लाभ लें तथा ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों में सहयोग प्रदान कर आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के निर्माण में सहभागी बनें।


