ताजा खबर

उरकुरा के डामर फैक्ट्री में भीषण आग 5 घंटे बाद भी नहीं बुझी
07-Feb-2026 4:55 PM
उरकुरा के डामर फैक्ट्री में भीषण आग 5 घंटे बाद भी नहीं बुझी

कोई हताहत नहीं, मशीनरी को बड़ा नुकसान

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 7 फरवरी।
खमतराई थाना इलाके के भनपुरी से लगे उरकुरा में शनिवार दोपहर एक बड़ी आगजनी हुई। इसे बुझाने 5 घंटे बाद भी बचाव दल मशक्कत कर रहा है। फायर ब्रिगेड की 5-7 गाड़ियां डटीं हु‌ईं हैं।
यह आग रायपुर टार (बिटुमिन डामर) फैक्ट्री परिसर में लगी। फैक्ट्री का नाम कावेरी इंडस्ट्रीज बताया गया है।आग इतनी भीषण है कि उसका धुआं आसमान पर रजबंधा मैदान और जयस्तंभ चौक तक देखा गया।  यह धुआं घंटों तक तक आसमान को काले घने बादलों की तरह घेरे हुए था। आग लगने के संबंध में बताया गया कि इस फैक्ट्री से लगकर एक अन्य फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम चल रहा था। वेल्डिंग की चिंगारी ने इतने बड़े आग का रूप ले लिया। पहले फैक्ट्रीकर्मियों ने ही बुझाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे और आग ने भीषण रूप ले लिया। इसे बुझाने के लिए नगर निगम रायपुर, बीरगांव समेत आसपास के उद्योगों के आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड मौके पर भेजे गए हैं। अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। वहीं फेक्ट्री स्टाफ को सुरक्षित निकाला जा रहा है। पूरे इलाके में अफरातफरी मची हुई है। खमतराई पुलिस, एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर जुटी हुई है।

घटनास्थल पर मौजूद निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया, कि  फैक्ट्री में तार,ऑयल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। 
।इस दौरान रूक-रूककर धमाके भी होते रहे। ये धमाके ऑइल के ड्रम बायलर और  अन्य ज्वलनशील पदार्थों में हुए। इसके देखते हुए आग बुझने में बहुत अधिक समय लगने की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मी-फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाते हुए तुरंत आसपास की अन्य फैक्ट्रियों को भी खाली कराया जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लेकिन फैक्ट्री की मशीनरी को बड़ा नुकसान पहुंचा है।


अन्य पोस्ट