ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
गरियाबंद, 7 फरवरी। गरियाबंद जिले के थाना मैनपुर क्षेत्र के ओडिशा सीमा से लगे ग्राम भालूडिग्गी और मेटाल की पहाड़ी श्रृंखला में पुलिस ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामान को बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनवरी 2026 में गरियाबंद जिले में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से पूछताछ के दौरान यह सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के ओडिशा राज्य कमेटी के सदस्यों द्वारा गरियाबंद जिले से सटे पहाड़ी इलाकों में विभिन्न स्थानों पर हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखी गई है।
इस सूचना के आधार पर संभावित स्थानों को चिन्हित कर जिला मुख्यालय गरियाबंद से जिला पुलिस बल की ई-30 टीम को 6 फरवरी को सर्च अभियान के लिए रवाना किया गया। लगभग 36 घंटे तक चले अभियान के बाद टीम ने छह अलग-अलग स्थानों से डम्प की गई सामग्री बरामद की।
बरामद सामग्री में दो इंसास रायफल, एक 303 रायफल, एक देशी कट्टा, एक सुरका (देशी बीजीएल लॉन्चर), दो 12 बोर बंदूक, दो सिंगल शॉट हथियार, 127 नग जिंदा राउंड, 8 मैगजीन, 22 बीजीएल सेल, एक बंडल इलेक्ट्रिक वायर तथा हथियार मरम्मत और निर्माण से संबंधित विभिन्न उपकरण शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, माओवादियों की टेक्निकल टीम द्वारा आईईडी निर्माण, देशी हथियार तैयार करने तथा स्वचालित हथियारों की मरम्मत का कार्य किया जाता था और यह सामग्री उन्हीं कार्यों के लिए संग्रहित की गई थी।
पुलिस ने यह भी बताया कि जिले में पिछले डेढ़ वर्ष से संचालित नक्सल उन्मूलन अभियान 'ऑपरेशन विराटÓ के तहत क्षेत्र में सक्रिय कई नक्सलियों के आत्मसमर्पण और निष्क्रिय होने की कार्रवाई की गई है। हालिया बरामदगी को इसी अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



.jpg)


