ताजा खबर
15 फीसदी किसानों का भुगतान बकाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 फरवरी। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी पूरी हो चुकी है। इस बार 1 करोड़ 42 लाख टन धान खरीदी हुई है। जो पिछले साल के मुकाबले 7 लाख टन कम है। बताया गया कि अब तक 85 फीसदी किसानों को भुगतान हो चुका है। बाकी किसानों का भुगतान जल्द होने का दावा किया गया है।
सरकार ने 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू की थी। इस बार दूसरे राज्यों से धान की आवक पर पैनी नजर रखी गई। सहकारी समितियों में भी लगातार जांच हुई। मार्कफेड के प्राधिकृत अधिकारी शशिकांत द्विवेदी ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि इस साल 1 करोड़ 42 लाख टन धान खरीदी हुई है। 31 जनवरी तक धान खरीदी होनी थी, किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर दो दिन और बढ़ाई गई।
बताया गया कि अंतिम दो दिनों में करीब ढाई लाख टन धान खरीदी हुई है। इस तरह धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया हो चुकी है। पिछले साल 1 करोड़ 49 लाख 25 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी हुई थी। कुल मिलाकर पिछले साल के मुकाबले करीब 7 लाख टन धान खरीदी कम हुई है। प्रदेश के करीब 85 फीसदी किसानों को भुगतान हो चुका है। हालांकि 27 जनवरी के बाद से किसानों का भुगतान बकाया है। अपेक्स बैंक के चेयरमैन केदारनाथ गुप्ता ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि 85 फीसदी किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान हो चुका है। जहां तक 27 तारीख के बाद किसानों के भुगतान रूकने की बात है, तो वह जल्द कर दिया जाएगा। करीब 3 हजार करोड़़ के आसपास भुगतान बाकी है।


