ताजा खबर

मेघालय की अवैध खदान से चार और शव बरामद, मरने वालों की संख्या 25 हुई
07-Feb-2026 9:38 AM
मेघालय की अवैध खदान से चार और शव बरामद, मरने वालों की संख्या 25 हुई

-दिलीप कुमार शर्मा

मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स ज़िले में अवैध कोयला खदान में हुए धमाके में मरने वालों की संख्या 25 हो गई है.

ईस्ट जयंतिया हिल्स ज़िले के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "रेस्क्यू टीमों ने ऑपरेशन के दौरान खदान से चार और शव बरामद किए हैं. थांगस्को इलाके के मिनसिनगाट में माइनिंग की घटना के सिलसिले में आज भी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है."

मेघालय के उमप्लेंग पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक अवैध कोयला खदान में संदिग्ध डायनामाइट धमाका हुआ था. जानकारी के अनुसार, उस खदान में कई मजदूर काम कर रहे थे.

पुलिस अधीक्षक विकान कुमार ने बताया कि घटना में गंभीर रूप से घायल तीन मज़दूरों की मौत हो गई है.

उन्होंने बताया, "इस घटना में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 25 हो गई है. अब तक बरामद किए गए शवों में से 17 शवों की पहचान कर ली गई है और सभी ज़रूरी क़ानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव रिश्तेदारों को सौंप दिए गए हैं."

इस घटना के संबंध में खलीहरियात पुलिस स्टेशन में एफ़आईआर दर्ज की गई है.

ये एफ़आईआर बीएनएस की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), 118(2) (ख़तरनाक साधनों से गंभीर चोट पहुंचाना), 3(5) (कई व्यक्तियों का साझा इरादे से अपराध करना) के साथ-साथ माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट की धारा 21/21(1) (अवैध खनन, परिवहन और भंडारण) और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की धारा 3 (जीवन या संपत्ति को ख़तरे में डालने वाला विस्फ़ोट करना) के तहत दर्ज की गई है.

पुलिस ने जिन दो खदान मालिकों को गिरफ़्तार किया उनकी शिनाख़्त फ़ॉर्मे चिरमांग और शमेही वार के तौर पर की गई है. फ़िलहाल इन दोनों अभियुक्तों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.

नेशनल डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फ़ोर्स, स्टेट डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फ़ोर्स और एक स्पेशल रेस्क्यू यूनिट की टीमें घटनास्थल पर बचाव और तलाशी अभियान चला रही हैं.

एसपी ने बताया, "तलाशी अभियान अभी भी जारी है, और बचे हुए पीड़ितों को ढूंढने और पहचान की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट