ताजा खबर
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक की चपेट में आने से छह लोगों की मौत
07-Feb-2026 11:11 AM
Join WhatsApp Group 1 यहाँ क्लिक करे
मथुरा (उप्र), 7 फरवरी। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक कंटेनर ट्रक के बस से टकरा जाने से छह लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो बजकर 45 मिनट पर हुई।
सुरीर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अजय कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब नोएडा से कानपुर जा रही एक बस को बीच में एक यात्री के शौचालय जाने के कारण रोका गया था।
उन्होंने बताया कि एक कंटेनर ने बस को बगल से टक्कर मार दी, जिससे बस से उतरकर सड़क पर खड़े छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, बस और कंटेनर चालक भाग गए। मामले की जांच जारी है। (भाषा)
Join WhatsApp Group 2 यहाँ क्लिक करे


