ताजा खबर
दिल्ली में बच्चों के लापता होने की ख़बरों और अफ़वाहों के साथ नाम जोड़े जाने पर यशराज फ़िल्म्स ने बीबीसी हिन्दी के सहयोगी पत्रकार रवि जैन से अपना बयान साझा किया है.
दिल्ली में जनवरी के पहले 15 दिनों में ही 807 लोगों के लापता होने की ख़बरों/अफ़वाहों के बीच कई लोगों ने सोशल मीडिया में आरोप लगाते हुए कहा कि यह यशराज फ़िल्म्स की ओर से एक पेड प्रमोशन की रणनीति के तहत किया जा रहा है.
ऐसे में सोशल मीडिया पर दिल्ली में गायब होने की ख़बरों/अफ़वाहों को फ़िल्म 'मर्दानी 3' के प्रचार के इस्तेमाल किए जाने का आरोप सोशल मीडिया पर लग रहा है.
बीबीसी हिन्दी ने यशराज फ़िल्म्स से इस संबंध में संपर्क किया तो उन्होंने अपनी ओर से प्रतिक्रिया भेजी है.
यशराज फ़िल्म्स के एक प्रवक्ता ने कहा, “यशराज फ़िल्म्स एक 50 साल पुरानी कंपनी है जो अत्यंत नैतिक और पारदर्शी होने के मूल सिद्धांतों पर बनी है. हम सोशल मीडिया पर चल रहे आरोपों का ज़ोरदार खंडन करते हैं कि ‘मर्दानी 3’ के प्रमोशनल कैंपेन ने जानबूझकर इस तरह के संवेदनशील मुद्दे को सनसनीखेज बनाया है."
उन्होंने आगे कहा, “हमें अपने अधिकारियों पर पूरा भरोसा है कि वे सही समय पर सभी तथ्य और सच सामने लाएंगे.”
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “कुछ सुराग फ़ॉलो करने के बाद, हमने पाया कि दिल्ली में लापता लड़कियों की संख्या में बढ़ोतरी को लेकर जो हंगामा हो रहा है, उस अफ़वाह को पैसे देकर प्रमोट किया जा रहा है. पैसे के लालच में डर फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और हम ऐसे लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करेंगे.
इससे पहले दिल्ली पुलिस के जन संपर्क अधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी ने एक वीडियो संदेश भी दिया था.
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे 'बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में अचानक वृद्धि' की अफ़वाहों पर भरोसा न करें.
दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट किया, "हम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि की अफ़वाहों का शिकार न हों."
दिल्ली पुलिस ने 'लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि' के दावों का खंडन किया है. साथ ही, अफ़वाह फैलाने वालों को आंकड़ों को गलत तरीके से पेश करके बेवजह डर फ़ैलाने के लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है. (bbc.com/hindi)


