ताजा खबर

दिल्ली: गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत, पिता ने कहा दिल्ली जल बोर्ड की ग़लती
07-Feb-2026 9:33 AM
दिल्ली: गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत, पिता ने कहा दिल्ली जल बोर्ड की ग़लती

राजधानी दिल्ली के जनकपुरी में एक गड्ढे में गिरने के बाद कमल ध्यानी नाम के युवक की मौत के मामले में उनके पिता ने दिल्ली जल बोर्ड पर आरोप लगाए हैं.

उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “सब प्रशासन की ग़लती है, दिल्ली जल बोर्ड की ग़लती है. परसों तक वहां गड्ढा नहीं था. वो गड्ढा खुदा तो उसे (बेटे को) पता नहीं था, वो गड्ढे में गिर गया.”

वहीं युवक के दोस्त ने बताया, "मेरी दोस्त से रात 11:53 पर बात हुई थी. उसने कहा था कि ‘डिस्ट्रिक्ट सेंटर पहुंच गया हूं 15 मिनट में घर पहुंच जाऊंगा’. जब वो एक घंटे तक घर नहीं आया तो हम उसे ढूंढने आए. उसका फोन नहीं लग रहा था, वो नहीं मिल रहा था, उसकी बाइक नहीं दिख रही थी. हम शिकायत करने गए तो कहा गया कि सुबह ग्यारह बजे के बाद शिकायत लिखेंगे..."

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मामले पर सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "ये हादसा नहीं, बल्कि हत्या है. नोएडा की घटना से भी बीजेपी ने कुछ नहीं सीखा. घोर लापरवाही और गैरजिम्मेदार रवैया अब बीजेपी सरकारों की पहचान बन चुका है, जिसका खामियाज़ा आम जनता भुगत रही है."

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने भी इस मामले में दिल्ली जल बोर्ड पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.

दिल्ली कांग्रेस ने लिखा, "कमल दफ़्तर से घर लौट रहे थे. रास्ते में खुला पड़ा गड्ढा उनकी मौत का कारण बन गया. यह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड ने खोदा था, लेकिन न कवर किया गया, न बैरिकेड और न ही चेतावनी बोर्ड लगाया गया."

दिल्ली कांग्रेस ने कहा है, "कुछ दिन पहले नोएडा में 27 साल के इंजीनियर युवराज की भी पानी से भरे गड्ढे में गिरकर मौत हो चुकी है. ये हादसे नहीं, सिस्टम की घोर लापरवाही हैं. ‘स्मार्ट सिटी’ के दावों के बीच बीजेपी का नाकारा सिस्टम आम लोगों की जान ले रहा है."

इमेज कैप्शन,दिल्ली पुलिस के डीसीपी वेस्ट शरद भास्कर ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड के काम के लिए गड्ढा खोदा गया था, जिसमें गिरकर 25 साल के कमल ध्यानी की मौत हो गई
दिल्ली सरकार के मंत्री ने क्या कहा

जनकपुरी में हुए हादसे पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है.

प्रवेश वर्मा ने लिखा, "जनकपुरी लाइन रिहैबिलिटेशन प्रोजेक्ट साइट पर हुए दुखद हादसे को गंभीरता से लिया गया है. दिल्ली जल बोर्ड ने घटना की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए एक उच्च-स्तरीय जांच समिति का गठन किया है."

उन्होंने बताया, "समिति को ये निर्देश दिए गए हैं कि दुर्घटना स्थल का तुरंत निरीक्षण करें; सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज और ट्रैफिक मैनेजमेंट की समीक्षा करें, सभी सुरक्षा नियमों के पालन की पुष्टि करें और जहां भी लापरवाही पाई जाए, जिम्मेदारी तय करें." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट