ताजा खबर
नयी दिल्ली, 6 फरवरी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने शुक्रवार को लोकसभा को बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के तहत अस्पताल में भर्ती होने वाले कुल 11.22 करोड़ लोगों में से लगभग 49 प्रतिशत महिलाएं थीं।
उन्होंने बताया कि दो फरवरी तक देश भर में कुल 85.48 करोड़ आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाते (आभा) बनाए गए हैं, जो नागरिकों को एक विशिष्ट डिजिटल स्वास्थ्य पहचान प्रदान करता है।
नड्डा ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि आयुष्मान भारत के तहत, अस्पतालों का पैनल बनाना एक सतत प्रक्रिया है तथा इसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के अनुसार, मानदंडों को पूरा करने वाले स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की आवश्यकताओं और उपलब्धता के आधार पर कार्यान्वयन करने वाले राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा किया जाता है।
नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी पात्र लाभार्थी 33,270 से अधिक सरकारी और निजी सूचीबद्ध अस्पतालों के नेटवर्क के माध्यम से उपचार करा सकते हैं। (भाषा)


