ताजा खबर

बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग लाइसेंस मिला, मिठाइयां बंटी- सीएम ने दी बधाई
06-Feb-2026 8:40 PM
बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग लाइसेंस मिला, मिठाइयां बंटी- सीएम ने दी बधाई

24 घंटे उड़ानों का रास्ता साफ, 72–80 सीटर विमान अब बिना बाधा संचालित होंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 6 फरवरी। बिलासपुर की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ी मजबूती मिली है। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग लाइसेंस (3सी एफआईआर ) प्राप्त हो गया है। इसके साथ ही अब बिलासपुर से 72 और 80 सीटों वाले विमान दिन-रात, यानी 24 घंटे निर्बाध रूप से परिचालित किए जा सकेंगे। इससे खराब मौसम के कारण उड़ानों के रद्द होने की आशंका भी लगभग समाप्त हो गई है।

हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति  ने इसे छह वर्षों से चल रहे जनसंघर्ष का परिणाम बताया। मार्च 2021 में एयरपोर्ट के संचालन में आने के बावजूद अब तक सीमित उड़ानें ही उपलब्ध थीं। जनता की प्रमुख मांगोंरात्रिकालीन लैंडिंग, चारों महानगरों के लिए दैनिक सीधी उड़ानें और 4सी एयरपोर्ट में से नाइट लैंडिंग सुविधा आज पूरी हो गई है।

कमेटी के अनुसार 3सी आईएफआर लाइसेंस मिलने से अब मौसम की वजह से उड़ानें रद्द होने की आशंका काफी घट जाएगी। इससे यात्रियों को समय पर आवागमन की सुविधा मिलेगी और व्यावसायिक व सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

संघर्ष समिति ने केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। कमेटी ने इस संघर्ष में भाग लेने वाले प्रत्येक नागरिक, संस्था और संगठन को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

कमेटी ने स्पष्ट किया कि जनआंदोलन अभी आधा ही पूरा हुआ है। उनका कहना है कि जब तक 4सी श्रेणी के एयरपोर्ट का दर्जा और देश के सभी महानगरों के लिए सीधी नियमित उड़ानें शुरू नहीं हो जातीं, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

नाइट लैंडिंग लाइसेंस मिलने की खबर के बाद जन संघर्ष समिति के सदस्य सुदीप वास्तव, पूर्व महापौर रामशरण यादव सहित अनेक सदस्य राघवेंद्र राव सभा भवन परिसर स्थित धरना स्थल पर आज शाम एकत्र हुए और उन्होंने एक दूसरे को मिठाई बांटते हुए बधाई दी।

 

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

बिलासपुर एयरपोर्ट को 3सी-वीएफआर से उन्नत कर 3सी-ऑल वेदर ऑपरेशंस (आईएफआर) श्रेणी में स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर प्रदेश की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। इस निर्णय से अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर हर मौसम में विमान परिचालन संभव हो सकेगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रियों को अधिक सुविधाजनक हवाई सेवाएं मिलेंगी और व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन को नई गति प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की ओर से इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापू के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया जाता है। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है, जो राज्य को विकास के नए आयामों तक ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। यह उपलब्धि बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी तथा राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर राज्य की स्थिति को और सशक्त बनाएगी।


अन्य पोस्ट