ताजा खबर

क्लास रूम में चाकू लहराते वीडियो वायरल करने वाले चार छात्र पकड़े गए, तीन नाबालिग
06-Feb-2026 7:41 PM
क्लास रूम में चाकू लहराते वीडियो वायरल करने वाले चार छात्र पकड़े गए, तीन नाबालिग

रायपुर, 6 फरवरी। आत्मानंद स्कूल मोवा में क्लास रूम के भीतर चाकू लहराने वाले चार लड़कों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से तीन नाबालिग हैं।

गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, मोवा के क्लास रूम के भीतर कुछ छात्र चाकू लहराते हुए दिखाई दे रहे थे। वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए थाना पण्डरी पुलिस ने तत्काल जांच प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वीडियो में दिखाई देने वाला मुख्य आरोपी छात्र सुशांत प्रधान, पिता सुशील प्रधान,  19 , निवासी बी.एस.यू.पी. कॉलोनी, सड्डू, कक्षा 12वीं का छात्र है। आरोपी द्वारा लगभग एक माह पूर्व अपने साथ स्कूल परिसर में एक चाकू लाया था। उसे उसने कक्षा के भीतर अपने दोस्तों को दिखाया। इस दौरान उसके साथ मौजूद अन्य तीन नाबालिग मित्रों ने  चाकू को हाथ में लेकर वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

थाना पण्डरी पुलिस ने आरोपी छात्र को तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अवैध रूप से चाकू रखने एवं उसे स्कूल परिसर में ले जाना स्वीकार किया। 
आरोपी सुशांत प्रधान के विरुद्ध थाना पण्डरी में अपराध क्रमांक 33/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया।।

वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य तीन छात्र जो विधि से संघर्षरत बालक हैं। उनकी भूमिका अपराध में गौण पाए जाने एवं विधि से संघर्षरत होने के कारण उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही के स्थान पर सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार की जा रही है तथा उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस द्वारा स्कूल परिसर में अनुशासन एवं सुरक्षा बनाए रखने हेतु विद्यालय प्रबंधन से समन्वय कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

। 


अन्य पोस्ट