ताजा खबर
पूर्व आबकारी मंत्री ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा...
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 फरवरी। जेल से रिहाई के बाद प्रदेश छोडऩे से पहले पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से मुलाकात की। वो पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव से भी मिलने गए, और पूर्व सीएम भूपेश बघेल के भिलाई-3 निवास जाकर उनके परिजनों से मेल-मुलाकात की। सभी ने लखमा का स्वागत किया।
पूर्व मंत्री लखमा ने ‘छत्तीसगढ़’ में कहा कि कोर्ट के आदेश के अनुसार वो अगले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ छोड़ देंगे। वो ओडिशा शिफ्ट हो रहे हैं। ओडिशा का मलकानगिरी जिला उनका हेड क्वार्टर रहेगा। बजट सत्र में शामिल होने के सवाल पर पूर्व मंत्री ने कहा कि इस मामले में कानूनी सलाह मशविरा के बाद आवेदन देंगे।
आबकारी घोटाले में फंसे पूर्व मंत्री कवासी लखमा सालभर से अधिक समय जेल में रहने के बाद दो दिन पहले रिहा हुए। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सशर्त जमानत मंजूर की है। जमानत की अवधि में उन्हें प्रदेश से बाहर रहना होगा। श्री लखमा ने कोर्ट के आदेश के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश छोडऩे की सूचना जिला अदालत को दे दी है, और नये रहवास स्थान की भी जानकारी दी है।
शुक्रवार को सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लखमा नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत के निवास जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान लखमा ने 23 फरवरी से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र में उपस्थिति को लेकर चर्चा की। नेता प्रतिपक्ष ने उन्हें विधिक सलाह लेकर जरूरी कार्रवाई करने का सुझाव दिया है। डॉ. महंत से मुलाकात के बाद पूर्व आबकारी मंत्री लखमा पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव से मिलने राजकुमार कॉलेज पहुंचे। सिंहदेव ने भी लखमा का स्वागत किया। करीब आधे घंटे की चर्चा के बाद, पूर्व आबकारी मंत्री पूर्व सीएम भूपेश बघेल के भिलाई-3 निवास गए। भूपेश प्रदेश से बाहर हैं। लखमा के पहुंचने पर पूर्व सीएम के बेटे चैतन्य बघेल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पूर्व सीएम की पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल ने भी पूर्व आबकारी मंत्री का आरती उतारकर स्वागत किया।
सभी प्रमुख नेताओं से मेल-मुलाकात के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र कोंटा के लिए रवाना हो गए हैं। मलकानगिरी जिला उनके विधानसभा क्षेत्र कोंटा से लगा हुआ है। वो जल्द ही वहां शिफ्ट हो जाएंगे।


