ताजा खबर

6000 बेटियों के हाथ पीले होने से घबराई कांग्रेस, जनहित के कार्यों में डाल रही है बाधा
06-Feb-2026 7:46 PM
6000 बेटियों के हाथ पीले होने से घबराई कांग्रेस, जनहित के कार्यों में डाल रही है बाधा

कांग्रेस के पास न तथ्य हैं, न तर्क; केवल झूठ की राजनीति कर रही है : डॉ. मिश्रा

रायपुर, 6 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को कांग्रेस की  प्रेस कॉन्फ्रेंस को तथ्यों से परे और राजनीति से प्रेरित बताया। 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने शुक्रवार को एकात्म परिसर में आहूत प्रेस ब्रीफ में कहा कि कांग्रेस के प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों में कोई तथ्यात्मक जानकारी नहीं थी। कांग्रेस के नेता बिना किसी तैयारी के केवल सरकार के विरुद्ध माहौल बनाने की नाकाम कोशिश करते हैं। डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अध्ययन करके ही किसी विषय पर कुछ कहना चाहिए। अध्ययन की कमी के कारण उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए झूठे दस्तावेज और बातें जल्द ही जनता के सामने बेनकाब हो जाती हैं।

डॉ. मिश्रा ने जब कोई कार्यक्रम अल्प सूचना पर आयोजित किया जाता है, तो शासन के नियमानुसार सीएसआईडीसी, एनआरडीए और पीडब्ल्यूडी में जो 'एम्पैनल्ड फर्म्स'होती हैं, जिनके रेट पहले से अप्रूव्ड होते हैं, उन्हें कार्य आवंटित करने का प्रावधान है।  डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस को आईना दिखाते हुए कहा कि जो नियम आज लागू हैं, वही नियम भूपेश बघेल की सरकार के समय भी थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री सचिवालय और अन्य विभाग भी इसी प्रक्रिया के तहत कार्यक्रमों का आयोजन करते थे। यदि कांग्रेस आज इन नियमों को गलत बता रही है, तो वह सीधे तौर पर अपने ही पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के कार्यकाल पर भी प्रश्नचिह्न लगा रही है। कांग्रेस को आरोपों से पहले अपने पूर्व मुख्यमंत्री से पूछना चाहिए कि उन्होंने इन नियमों के तहत कार्यक्रम क्यों किए थे?

डॉ. मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होने वाला यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की गरीब और जरूरतमंद बेटियों के लिए है। प्रत्येक बेटी के विवाह के लिए 50 हजार रुपए तक की व्यवस्था की गई है, जिसमें 35 हजार रुपए की सीधी सहायता राशि शामिल है। कांग्रेस नहीं चाहती कि प्रदेश की 6000 बेटियों के हाथ पीले हों, इसीलिए वह कार्यक्रम को निरस्त कराने और समाज में गलत संदेश फैलाने की साजिश रच रही है।  इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने भी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट