ताजा खबर
दोस्तों संग जन्मदिन मनाकर वापस लौटते हादसा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 6 फरवरी। आज दोस्तों के साथ जन्मदिन मना कर वापस लौटते वक्त कार नेशनल हाईवे 30 पर गोविन्दपुर में सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई है, वहीं 4 छात्र घायल है। कार को 16 वर्षीय नाबालिग चला रहा था।
घटना शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े 4 बजे की
है। हादसे में घायल 4 छात्रों में से 2 की हालत नाजुक है जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। दुर्घटना में मृत एक छात्र का आज ही जन्मदिन था।
जानकारी के अनुसार, वेदांत पटेल 16 वर्ष का जन्मदिन था, वह अपने 5 अन्य दोस्तों के साथ लगभग 3 बजे रात्रि माकड़ी जाने स्विफ्ट डिजायर कार से निकले थे। कार 16 वर्षीय नाबालिग भावेश गजबल्ला चला रहा था। गोविंदपुर के पास कार अनियंत्रित हो गईं और पोल को ठोकर मारते हुए पेड़ पर जा टकराई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टकराने के बाद चकनाचूर हो गई। जिस छात्र वेदांत का जन्मदिन था उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य छात्र युवराज 15 वर्ष की अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में ही मौत हो गई।
4 अन्य घायल छात्रों को कांकेर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जहां दो छात्र भावेश गजबल्ला 16 वर्ष और आयुष 15 वर्ष की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। दो छात्र रोहन ध्रुव 19 वर्ष और हर्ष मसीह का स्थानीय मेडिकल कालेज में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


