ताजा खबर

ऑटो से गांजा तस्करी, रायपुर के 3 युवक गिरफ्तार
06-Feb-2026 1:09 PM
ऑटो से गांजा तस्करी, रायपुर के 3 युवक गिरफ्तार

 7 लाख का गांजा जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 फरवरी।
राजनांदगांव पुलिस ने नेशनल हाईवे स्थित टेडेसरा में एक ऑटो की घेराबंदी कर लाखों रुपए का अवैध गांजे की खेप बरामद की है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों रायपुर शहर के रहने वाले हैं। जब्त गांजे की कीमत बाजार में 7 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक एक इलेक्ट्रिक आटो से गांजा तस्करी करने की एक जानकारी पुलिस तक पहुंची थी। पुलिस ने आटो क्रमांक सीजी-04-क्यूएफ-3543 को टेडेसरा में घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस को 8 छोटे-छोटे पैकेट में कुल 14 किलो गांजा मिला। पुलिस के मुताबिक उसकी कीमत 7 लाख रुपए से ज्यादा है। आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए आटो का इस्तेमाल किया, लेकिन पुलिस ने तस्करी की भनक लगते ही सभी को धरदबोचा।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में आटो सवार दुर्गेश रायकर उर्फ  विक्की 30 वर्ष,  मो. जुल्फिकार   उर्फ  राजा 32 वर्ष एवं  दीपक साहू  38 वर्ष सभी रायपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 20 ख एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों से कड़ी पूछताछ करने के बाद पुलिस ने गांजा तस्करी में लिप्त गिरोह की भी पतासाजी शुरू कर दी है।
 


अन्य पोस्ट