ताजा खबर

सात समंदर पार से आई दुल्हन, छत्तीसगढ़ में रचा प्रेम-विवाह
06-Feb-2026 12:43 PM
सात समंदर पार से आई दुल्हन, छत्तीसगढ़ में रचा प्रेम-विवाह

अमेरिकी युवती के साथ भारतीय रीति-रिवाजों से हुई जीपीएम के युवक से शादी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 6 फरवरी। प्रेम की ताकत ने एक बार फिर सीमाओं को पार कर दिया। गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले में बुधवार को एक अनोखा और यादगार विवाह संपन्न हुआ, जब अमेरिका से आई एक युवती ने छत्तीसगढ़ के युवक से भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह किया। यह विवाह न केवल परिवार और समाज के लिए खास रहा, बल्कि सोशल मीडिया पर भी खूब सराहा जा रहा है।

पेंड्रा निवासी रमेश साहू के पुत्र अंकित साहू उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका के मिलवॉकी शहर गए थे। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह वहां एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात मिस कायला से हुई, जो अमेरिका की एक कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर हैं और मशीन पार्ट्स डिजाइन करने का काम करती हैं। दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम में बदली और दोनों ने विवाह का निर्णय लिया।

अंकित और कायला का विवाह 5 फरवरी को अमरकंटक स्थित नर्मदे आनंदम नाम के एक निजी रिसॉर्ट में हुआ। विवाह की सभी रस्में पूरी तरह पारंपरिक भारतीय रीति-रिवाजों के अनुसार निभाई गईं। मंडप, मंत्रोच्चार और पारंपरिक संगीत के बीच यह विवाह समारोह खास आकर्षण का केंद्र रहा।

दुल्हन पक्ष से करीब डेढ़ दर्जन लोग अमेरिका से विवाह में शामिल होने पहुंचे, जबकि वर पक्ष की ओर से बड़ी संख्या में रिश्तेदार और स्थानीय लोग मौजूद रहे। समारोह का माहौल उत्साह और उल्लास से भरा रहा। विदेशी मेहमानों और दूल्हा-दुल्हन के साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए लोगों में खास उत्सुकता देखने को मिली।

छत्तीसगढ़ के युवक और अमेरिकी युवती के इस विवाह की चर्चा सोशल मीडिया पर भी जोरों पर है। लोग इसे प्रेम, संस्कृतियों के संगम और आपसी समझ का उदाहरण बता रहे हैं। कई लोगों ने भारतीय परंपराओं को अपनाने के लिए दुल्हन की प्रशंसा की।

 


अन्य पोस्ट