ताजा खबर
रमन सिंह ने सीएम साय व स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 2 फ़रवरी । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के आठ जिलों में नर्सिंग कौशल कॉलेजों में ए.एन.एम. (ANM) प्रशिक्षण को अनुमति प्रदान किए जाने के निर्णय में राजनांदगांव को शामिल किया जाना जिले के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। यह निर्णय विशेष रूप से यहां के युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसरों का द्वार खोलने वाला साबित होगा।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर राजनांदगांव के विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राजनांदगांव जैसे शिक्षात्मक और सामाजिक दृष्टि से अग्रणी जिले में ए.एन.एम. (ANM) नर्सिंग कौशल कॉलेज को अनुमति मिलना क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता की पूर्ति है। शैक्षणिक सत्र 2025–26 से 120 विद्यार्थियों की प्रवेश क्षमता के साथ संचालित होने वाला यह संस्थान जिले के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण एवं मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देगा।
उन्होंने कहा कि अब राजनांदगांव के युवाओं को नर्सिंग जैसी व्यावसायिक और सम्मानजनक शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण उपलब्ध होने से न केवल शैक्षणिक खर्च कम होगा, बल्कि विद्यार्थियों को अपने सामाजिक-पारिवारिक परिवेश में रहकर अध्ययन करने का अवसर भी मिलेगा।


