ताजा खबर
इंस्टाग्राम से 6 माह पहले शुरू हुआ था रिश्ता
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 3 फरवरी। बिलासपुर में सोशल मीडिया से शुरू हुआ एक प्रेम संबंध बेहद दर्दनाक अंजाम तक पहुंच गया। प्रेमी द्वारा रिश्ता तोड़ने और मोबाइल पर ब्लॉक किए जाने से नाराज़ प्रेमिका ने उसके घर पहुंचकर चाकू से हमला कर दिया। सीने में गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही हालत नाजुक हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
मृतक 25 वर्षीय कामता प्रसाद सूर्यवंशी मूल रूप से रतनपुर थाना क्षेत्र के कर्रा गांव का निवासी था। वह सिविल लाइन क्षेत्र के शुभम विहार, टीचर्स कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। करीब छह माह पहले उसकी पहचान 22 वर्षीय रोशनी सूर्यवंशी से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। रोशनी सीपत थाना क्षेत्र के झलमला गांव की रहने वाली है। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गया।
पुलिस के अनुसार, बीते दो-तीन दिनों से किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसके बाद युवक ने रिश्ता खत्म कर लिया और युवती को कॉल व मैसेज से ब्लॉक कर दिया। इससे आहत और गुस्साई युवती मंगलवार सुबह उसके घर पहुंच गई।
बताया गया कि युवती ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही उसने युवक से उसका मोबाइल फोन दिखाने की मांग की। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। गुस्से में आकर युवती ने चाकू से युवक के सीने पर वार कर दिया।
घटना के दौरान शोर सुनकर युवक का रूममेट बाहर आया और खून से लथपथ हालत देखकर मदद के लिए आवाज लगाई। मकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती को शक था कि युवक ने उससे रिश्ता तोड़कर किसी अन्य लड़की से संबंध बना लिया है। इसी संदेह और आक्रोश में वह चाकू लेकर उसके घर पहुंची थी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।


