ताजा खबर

महिला दिवस पर 08 से 13 मार्च तक 400 जिलों में होगी जनसुनवाई
03-Feb-2026 4:53 PM
महिला दिवस पर  08 से 13 मार्च तक 400 जिलों में होगी जनसुनवाई

राष्ट्रीय महिला आयोग के शक्ति संवाद कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की भागीदारी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 3 फरवरी  ।  पिछले दिनों नई दिल्ली के भारत मण्डपम में शक्ति संवाद कार्यक्रम में पूरे देश के कोने-कोने से आये राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष व सचिवों के साथ छत्तीसगढ से अध्यक्ष डाॅ. किरणमयी नायक एवं सचिव  रमेश कुमार साहू शामिल हुए। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता थी।  02 दिन के संवाद कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ मे किये जा रहे जनसुनवाई कार्यक्रम की सराहना राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने  की। दिन-भर चले विभिन्न सत्रों में अध्यक्ष व सचिवों ने छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों की जानकारी दिया। छत्तीसगढ़ में महिला आयोग के द्वारा की जा रही जनसुनवाई की प्रक्रिया अब पूरे देश के महिला आयोग के द्वारा अपनाई जायेगी। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने बताया कि उन्होंने अपने 09 माह के कार्यकाल में 85 जनसुनवाई की और महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाया है। अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस  08 से 13 मार्च तक लगातार 400 जिलों में जनसुनवाई का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस हेतु सभी राज्य के महिला आयोग को 06 दिनों में अपने समस्त जिलों में जनसुनवाई कार्यक्रम रखना होगा। जिसकी रूपरेखा राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा भेजी जायेगी।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लखपति दीदी की पेंटिंग प्रत्येक राज्यों से मंगायी थी। जिसमें कुम्हारपारा, कोण्डागांव छत्तीसगढ़ की लखपति दीदी सोनीबाई चक्रधारी की पेंटिंग राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष को भेंट दिया गया और उनका विवरण भी भेंट दिया। सभी राज्यों की लखपति दीदी की पेंटिंग की प्रदर्शनी भी राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित की जायेगा।


अन्य पोस्ट